खरखौदा। मटिंडू गांव में घर के बाहर से ट्यूबवेल का पंखा चोरी करने के मामले में खरखौदा थाना पुलिस ने पांचवें आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के जमालपुर गांव निवासी फखरूदीन है। मटिंडू निवासी जितेंद्र ने 15 अगस्त को पुलिस को शिकायत दी थी कि उसने घर के बाहर ट्यूबवेल का पंखा रखा हुआ था। बाइक सवार तीन युवक पंखा चोरी कर ले गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने उज्जवल, सन्नी, अमित और साहिल के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया था। जांच के दौरान सामने आए पांचवें आरोपी फखरूदीन को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। शिकायतकर्ता ने बताया था कि उसने आरोपियों को एक अन्य साथी के साथ खरखौदा में कबाड़ी की दुकान पर पंखा बेचते हुए पकड़ा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।