सोनीपत। नगर निगम की ओर से शहर की सुंदरता बढ़ाने के उद्देश्य से चार पार्कों का निर्माण किया जाएगा। इनके निर्माण से इसके आसपास रहने वाले लोगों के अलावा शहववासियों को सैर करने के साथ स्वच्छ वातावरण मिलेगा। पार्कों के निर्माण के लिए मंगलवार को नगर निगम के कनिष्ठ अभियंता व निगम पार्षद हरिप्रकाश सैनी ने जमीन का निरीक्षण किया। नगर निगम की ओर से दो पार्कों के निर्माण के लिए एस्टीमेट तैयार करके मुख्यालय भेज दिया गया है।
नगर निगम की बागवानी शाखा की तरफ से इन पार्कों का निर्माण नए वित्त वर्ष में किया जाएगा। गांव देवडू, रेवली, शहर में ऋषि कॉलोनी व सुंदर सांवरी में पार्कों का निर्माण होने से लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। नगर निगम की ओर से गांव रेवली में करीब चार एकड़ में बनाए जाने वाले पार्क के लिए ढाई करोड़ रुपये का एस्टीमेट बनाया गया है। देवडू में बनने वाले पार्क के लिए 80 लाख रुपये का एस्टीमेट बनाया गया है। दोनों पार्कों के एस्टीमेट मंजूरी के लिए शहरी स्थानीय निकाय मुख्यालय भेज दिए गए हैं। वहीं सोनीपत शहर में ऋषि कॉलोनी व सुंदर सांवरी में भी पार्कों का निर्माण कराया जाएगा। इसको लेकर मंगलवार को कनिष्ठ अभियंता संदीप खोखर व निगम पार्षद हरिप्रकाश सैनी ने जमीन का निरीक्षण किया।
बॉक्स
पार्क के साथ सुंदरीकरण के लिए बनेगा तालाब
शहर के सुंदर सांवरी क्षेत्र में जोहड़ वाली जमीन पर ही पार्क का निर्माण किया जाएगा। उस जमीन पर पार्क के साथ ही सुंदरीकरण के लिए तलाब भी बनाया जाएगा। मुख्य क्षेत्रों में बनने वाले इन पार्कों में कंपाउंड वॉल, पैदल मार्ग, बच्चों के खेलने के लिए उपकरण, ओपन जिम, योग के लिए जगह, पेयजल व्यवस्था, जल निकासी, शौचालय, वर्षा जल संचयन, कंपोस्ट पिट जैसी सुविधाएं होंगी। लोगों की सुविधा के लिए पार्कों का निर्माण किया जाएगा। लोग काफी समय से पार्कों के निर्माण की मांग कर रहे थे। इसको लेकर नगर निगम की ओर से प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
वर्जन
ऋषि कॉलोनी, सुंदर सांवरी, देवडू व रेवली में चार पार्कों का निर्माण किया जाएगा। इनमें से दो पार्कों के लिए एस्टीमेट बनाकर मुख्यालय भेज दिए गए है। ऋषि कॉलोनी व सुंदर सांवरी में पार्क के निर्माण के लिए निरीक्षण किया गया। पटवारी से जमीन की पैमाइश कराकर एस्टीमेट बनाकर मुख्यालय भेजा जाएगा। बजट मंजूर होने के बाद पार्कों का निर्माण कराया जाएगा।
अजय निराला, कार्यकारी अभियंता नगर निगम (बागवानी)
फोटो 26: सुंदर सांवरी में बनने वाले पार्क की जमीन का चयन करते नगर निगम के कनिष्ठ अभियंता संदीप