गन्नौर (सोनीपत)। संत निरंकारी मिशन के 76वें वार्षिक निरंकारी संत समागम का शनिवार को भव्य शुभारंभ किया गया। संत समागम के पहले दिन करीब चार लाख से अधिक निरंकारी मिशन के अनुयायी शामिल हुए। दोपहर समय करीब 3ः00 बजे सद्गुरु माता सुदीक्षा महाराज एवं निरंकारी राजपिता का समागम स्थल पर आगमन हुआ।
छह सौ एकड़ में फैले समागत स्थल पर तीन दिन तक समागम चलेगा। जिसे देखने करीब 2000 से अधिक विदेशी श्रद्धालु भी समागम में पहुंचेंगे। समागम स्थल पर हजारों निरंकारी सेवादारों के अतिरिक्त 2000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात व्यवस्था से लेकर पूरे समागम स्थल में चप्पे चप्पे पर पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ की चौकी शुरू कर दी गई है। पुलिस कर्मी प्रवेश द्वार, प्लेटफार्म, ऊपरगामी पुल और परिसर में तैनात होकर स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। एंबुलेंस और फायरब्रिगेड की गाड़ी भी परिसर में मदद के लिए खड़ी है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पानी के टैंकरों से धूल को कम करने के लिए छिड़काव किया जाता रहा।
उधर, भोड़वाल माजरी रेलवे स्टेशन पर श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ रही है। उनकी सुरक्षा को लेकर जीआरपी, आरपीएफ और जिला पुलिस की टीम स्टेशन पर तैनात है। रेलवे स्टेशन पर सेवादल के सदस्य भी व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग कर रहे हैं। संवेदनशील जगहों पर खुफिया पुलिस सादी वर्दी में तैनात है। भोडवाल माजरी स्टेशन पर शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन काे छोड़कर अधिकतर ट्रेनों का ठहराव रखा गया है। पैसेंजर से लेकर सभी एक्सप्रेस ट्रेन यहां 2 मिनट रुकने के बाद ही रवाना होंगी। अप और डाउन लाइन पर लगभग 75 ट्रेनों का संगत के लिए ठहराव रहेगा।
समागम में दस डिस्पेंसरियां और लंगर की व्यवस्था
संत निरंकारी मंडल के स्वास्थ्य एवं समाज कल्याण विभाग की ओर से दस डिस्पेंसरियां लगाई गई हैं। जिनमें पांच एलोपैथिक और पांच होम्योपैथिक डिस्पेंसरियां कार्य करेंगी। इसके अतिरिक्त दस प्राथमिक चिकित्सा केंद्र, एक कायरो चिकित्सा पद्धति शिविर तथा चार एक्युप्रेशर, फिजियोथैरिपी डिस्पेंसरियों की सुविधा भी उपलब्ध करवाई गई हैं। इसके अतिरिक्त 90 बेड के अस्पताल की व्यवस्था की गई है। संत निरंकारी मंडल की और से 12 एवं प्रदेश सरकार की और से 20 एंबुलेंस की सुविधा उपलब्ध करवाई गई है। समागम स्थल को चार मैदानों में बांटा गया है। सभी मैदानों में लगभग 22 कैंटीनों की व्यवस्था की गई है।
प्रदर्शनी के माध्यम से आध्यात्मिक व सामाजिक कार्यों का संदेश
समागम स्थल पर बड़ी प्रदर्शनी लगाई गई। इनमें मुख्य निरंकारी प्रदर्शनी का एक बहुत बड़ा भाग सद्गुरु माता सविंदर हरदेव महाराज के जीवन एवं शिक्षाओं के प्रति समर्पित है। प्रदर्शनी में रक्तदान शिविर, पौधरोपण, सफाई अभियान, युवा एवं महिला सशक्तीकरण कार्यों को प्रदर्शित किया जा रहा है। इसके अलावा जिंदगी जंक्शन में बच्चों ने निरंकारी मिशन के संदेश एवं शिक्षाओं पर आधारित अनेकों कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बाल संगत के बच्चों ने गीतों एवं लघु नाटक की सहायता से निरंकारी मिशन द्वारा चलाए जाने वाले आध्यात्मिक व सामाजिक कार्यों का संदेश दिया। ‘सुकून - अंतर्मन का’ विषय पर आधारित प्रदर्शनी में नजर-ए-सुकून, दिदार-ए-सुकून, रहमतें-ए-सुकून, बहार-ए-सुकून, एतबार-ए-सुकून, उम्मीद-ए-सुकून और सुकून-ए-सद्गुरु नामक आठ भाग बनाए गए।