मातूराम हलवाई की दुकान के सामने तैनात कमांडो। संवाद
गोहाना। पुरानी अनाज मंडी के पास स्थित शिव चौक के निकट लाला मातूराम हलवाई की दुकान का अंधाधुंध फायरिंग के बाद से पुलिस की टीम सुरक्षा के उपायों में ही लगी है। अब पुलिस ने दुकान के बाहर चार कमांडो लगा दिए हैं। यह अलग-अलग समय में ड्यूटी देंगे। हालांकि अभी तक पुलिस हमलावरों को नहीं पकड़ सकी है। पुलिस लगातार दबिश देने की बात कह रही है।
शिव चौक के पास लाला मातूराम हलवाई की दुकान पर रविवार को सुबह पौने 11 बजे बाइक सवार होकर आए तीन हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायर किए थे। इसमें दूध विक्रेता गांव माहरा निवासी बिजेंद्र के सिर में गोली लगी थी। जबकि दुकान के अंदर काम कर रहे कर्मचारियों ने मुश्किल से जान बचाई थी। इसके बाद हमलावर बाइक लेकर पुरानी अनाज मंडी की तरफ भागे थे। उन्होंने अग्रसेन चौक के निकट भी फायर किए थे। घटना के बाद पुलिस आयुक्त ने दौरा किया था और हमलावरों की पहचान होने व जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया था। बाद में सांसद रमेश कौशिक ने भी गिरफ्तारी का आश्वासन दिया था। पुलिस ने दुकानदार की सुरक्षा के लिए पुलिस बल लगाने के बाद मेटल डिटेक्टर लगाए थे। अब कमांडो तैनात कर दिए हैं।
शिव चौक के पास हलवाई की दुकान पर गोलियां चलाने के मामले में हमलावरों की गिरफ्तारी को दबिश जारी है। उनका जल्द पता लगाकर काबू किया जाएगा।
नीरज कुमार, शहर थाना प्रभारी, गोहाना