संवाद न्यूज एजेंसी
गन्नौर । वाहन चोरी निरोधक दस्ता की टीम ने अवैध हथियार सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी गांव गढ़ी झंझारा निवासी इमरान व जुबेर, पानीपत के गांव राक्सेड़ा निवासी फरमान व उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के गांव किरथल निवासी अफसारुन हैं।
एएसआई आजाद ने बताया कि वह हवलदार मंदीप, सोमबीर व प्रवीण के साथ दिल्ली इंटरनेशनल कार्गो टर्मिनल रोड पर गश्त कर रहे थे। इस दौरान संदिग्ध अवस्था में घूम रहे दो युवकों को रोक कर कारण पूछा तो उन्होंने अपनी पहचान गांव गढ़ी झंझारा निवासी इमरान व जुबेर के रूप में दी। उनकी तलाशी लेने पर उनके पास से 3 पिस्तौल और 5 कारतूस मिले। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने बताया कि पानीपत के गांव राक्सेड़ा निवासी उनका एक साथी फरमान बेगा गांव में मौजूद है। इसके बाद टीम मौके पर पहुंची और फरमान को गिरफ्तार कर उसके पास से 1 पिस्तौल और 2 कारतूस बरामद किए। पूछताछ में खुलासा हुआ कि फरमान ने अवैध हथियार उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के गांव किरथल निवासी अफसारुन से खरीदे थे। इसके बाद पुलिस ने आरोपी अफसारुन को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उससे 2 पिस्तौल और 3 कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।