सोनीपत में जबरन वसूली के आरोप में गिरफ्तार किए गए आरोपी सीआईए पुलिस टीम के साथ। स्रोत पुलिस प्र
सोनीपत। गुड़ मंडी के रहने वाले व्यापारी के लिए चार लोगों से ब्याज पर रुपये लेना मुसीबत बन गया। व्यापारी का आरोप है कि वह पूरी राशि ब्याज सहित लौटा चुके हैं। उसके बावजूद चारों आरोपी उनसे जबरन और रुपये मांग रहे हैं। चेक लेने के साथ ही उनसे शपथ पत्र भी हस्ताक्षर करा रखा है। जिस पर पुलिस ने जबरन वसूली का मुकदमा दर्ज कर लिया। मामले में कार्रवाई करते हुए सीआईए-1 की टीम ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
गुड़ मंडी निवासी विनित मित्तल ने सिटी थाना पुलिस को बताया कि उन्होंने व्यापार के लिए आशीष, मोहित, काला और राकेश से रुपये उधार लिए थे। उसने 12 फीसदी वार्षिक ब्याज दर पर रुपये लिए थे। वह उनके रुपये ब्याज सहित लौटा चुके हैं। उसके बावजूद आरोपी उनसे लगातार जबरन रुपये वसूल रहे है। उनके पास उनके हस्ताक्षर किए गए चेक और शपथ पत्र भी है। वह धमकाकर रुपये ले जाते है और उनके घर आकर गाली-गलौज करते हैं। जब वह शहर में कहीं भी होते हैं तो आरोपी पकड़ कर उनसे पैसे ले जाते हैं। उनके डर से वह कई बार अपने घर भी नहीं जा पाते। उनसे उन्हें जान का खतरा बना हुआ है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जबरन रुपये मांगने के लिए दबाव बनाने, गालियां देने व धमकी देने का मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने मामले की जांच सीआईए-1 को सौंप दी।
मामले में कार्रवाई करते हुए सीआईए के एएसआई अनिल पंवार की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी खरखौदा की महावीर कॉलोनी निवासी आशीष, रेवली के मोहित, चिटाना निवासी रविकेश उर्फ काला और प्रभु नगर निवासी राकेश को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से पुलिस ने पीड़ित के हस्ताक्षर कराकर लिए गए चेक और शपथ पत्र को बरामद कर लिया है।
वर्जन
पीड़ित ने चारों आरोपियों से करीब 30 लाख रुपये उधार लिए थे। उनका कहना है कि सभी रुपये लौटा चुके हैं। उसके बाद भी उन पर दबाव बनाया जा रहा था। आरोपियों से चेक और शपथ पत्र बरामद कर लिया है। आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। अनिल कुमार, जांच अधिकारी