सोनीपत। पुलिस ने चार मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 18 ग्राम हेरोइन, 30 ग्राम अफीम और 827 ग्राम गांजा बरामद हुआ है। आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमे दर्ज कर लिए हैं।
चोरी निरोधक स्टाफ के एएसआई धर्मबीर की टीम ने बाबा सिनेमा के पास से एक युवक को अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। एसडीओ पीडब्ल्यूडी हरिओम के सामने आरोपी की तलाशी ली गई तो 30 ग्राम अफीम मिली। आरोपी की पहचान गांव लाठ निवासी विक्की के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ सेक्टर-27 थाना में मुकदमा दर्ज कराया है। वहीं मादक पदार्थ निरोधक स्टाफ के एएसआई युद्धवीर सिंह की टीम ने ओम कॉलोनी गोहाना रोड से एक युवक को 18 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान ओम नगर निवासी निधान के रूप में हुई। उसके खिलाफ सिटी थाना में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
उधर, खरखौदा व सीआईए-2 पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों से पिपली निवासी संजीत और विरेंद्र को मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया है। खरखौदा पुलिस ने संजीत को दिल्ली मार्ग से पकड़ कर ड्यूटी मजिस्ट्रेट आईएमटी के संपदा अधिकारी मंजीत सिंह की मौजूदगी में तलशी ली तो उसके पास से 102 ग्राम गांजा मिला। दूसरे मामले में सीआईए-2 की टीम ने पिपली के पास केएमपी के पुल के निकट से विरेंद्र को गिरफ्तार किया है। उसकी तलाशी लेने पर उसके पास से 725 ग्राम गांजा बरामद हुआ। उनके खिलाफ खरखौदा थाना में मुकदमे दर्ज कराए गए हैं।