गन्नौर। पूर्व रणजी खिलाड़ी रामकरण की हत्या का मामला सियासी रंग ले चुका है। पुलिस की कई टीमें आरोपी की तलाश में लगी हैं, लेकिन उसे गिरफ्तार नहीं किया जा सका है। पूर्व सांसद रमेश कौशिक शनिवार को रामकरण के परिवार से मिलने उनके आवास पहुंचे। उन्होंने कोच रामकरण को श्रद्धांजलि दी और परिवार के सदस्यों का ढांढस बंधाया। उन्होंने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि यह घटना बेहद दुखद और निंदनीय है। कौशिक ने कहा कि रामकरण जैसे प्रतिभावान कोच की हत्या ने पूरे खेल जगत को झकझोर दिया है। उन्होंने हरियाणा के डीजीपी से फोन पर बात कर कहा कि हत्यारोपी सुनील लंबू का जल्द से जल्द पता लगाकर उसकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके। पूर्व सांसद ने कहा कि दोषी को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी को कड़ी सजा दिलाने के लिए हर स्तर पर प्रयास किए जाएंगे।