फोटो 46- सोनीपत के पुरखास अड्डा स्थित कार्यालय पर बैठक के दौरान भावुक हुई पूर्व मंत्री कविता जै
सोनीपत। प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर टिकट आवंटन के बाद भाजपा में लगातार विरोध के स्वर उठ रहे हैं। वीरवार को टिकट नहीं मिलने से खफा पूर्व मंत्री कविता जैन ने पुरखास रोड स्थित कार्यालय पर कार्यकर्ताओं की बैठक बुलाई, इसमें वह भावुक हो गई और उनका दर्द आंसू बनकर छलक पड़ा। उन्होंने कहा कि शिद्दत से सेवा के बावजूद अनदेखी किए जाने से पीड़ा हुई है। पार्टी सोनीपत विधानसभा सीट पर टिकट को लेकर अपना निर्णय बदलें। 8 सितंबर को बैठक बुलाकर मामले में आगामी निर्णय लेंगी। उनके कई समर्थकों ने देर रात भाजपा की सदस्यता से इस्तीफा देते हुए कविता जैन को टिकट नहीं दिए जाने पर नाराजगी जताई थी।
पूर्व कैबिनेट मंत्री कविता जैन टिकट आवंटन के बाद अपनी पहली प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सोनीपत की जनता की सेवा के लिए उन्होंने पति राजीव जैन के साथ 38 वर्ष दिए हैं। इन लोगों की भलाई से लेकर संगठन को बुनने के लिए दिन-रात जो मेहनत की है, उनकी अनदेखी किए जाने से लोगों में रोष है। 8 सितंबर को सोनीपत हलके के कार्यकर्ताओं व क्षेत्र की जनता उनके अगले राजनीतिक कदम के लिए जो निर्णय लेगी, हम उसे सिर-माथे करते हुए अपनी आगामी जिम्मेदारी को निभाएंगे।
पूर्व मंत्री कविता जैन ने कहा कि संगठन की मजबूती व हर जिम्मेदारी को निभाने के लिए उन्होंने पारिवारिक जिम्मेदारियों को भी दरकिनार किया। उन्होंने भावुक होकर कहा कि संगठन कहता कि चुनाव नहीं लड़वाएंगे और केवल संगठन का काम करवाएंगे तो हम उनके आदेश का पालन करते। मंडल, बूथ से लेकर पन्ना प्रमुख स्तर पर संगठन को शिद्दत से मजबूत किए जाने से लेकर यात्राएं, रैली को अपने बूते पर करने के बावजूद उनकी अनदेखी किए जाने से पीड़ा हुई है। इस दौरान राजीव जैन ने वीडियो कॉल कर कार्यकर्ताओं से बातचीत की। समर्थकों ने एकत्रित होकर सोनीपत विधानसभा की टिकट पूर्व मंत्री कविता जैन को नहीं दिए जाने पर नारेबाजी की।