गोहाना(सोनीपत)। प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार संत कबीर दास की शिक्षाओं व दिखाए गए मार्ग पर चलकर सर्व समाज के हित में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि कई राजनीतिक दल महापुरुषों के नाम पर भी राजनीति करके समाज में भेदभाव फैलाने का काम कर रहे हैं, ताकि वह राजनीतिक स्वार्थ को पूरा कर सकें।
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने जींद रोड स्थित नई अनाज मंडी में शनिवार को संत कबीर दास की 626वीं जयंती पर लोगों को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि जरूरतमंद व्यक्ति भूखे पेट न सोए, इसके लिए सरकार 45 लाख बीपीएल परिवारों को मुफ्त राशन दे रही है। 12 लाख बीपीएल परिवारों की माताओं व बहनों को एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध करवाए गए हैं। एक लाख से कम आय वाले 23 लाख परिवारों के 84 लाख लोगों को हरियाणा राज्य परिवहन की बसों में हर वर्ष 1000 किलोमीटर की मुफ्त यात्रा का लाभ देने के लिए हैप्पी कार्ड उपलब्ध कराए गए हैं।
आयुष्मान भारत योजना के तहत लोगों को सालाना पांच लाख रुपये तक की चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस सरकार ने जरूरतमंदों को 100-100 वर्ग गज के प्लाॅट देने का वादा किया था, ज्यादातर लाभार्थियों को प्लाॅट नहीं दिए गए और न ही कब्जा पत्र उपलब्ध कराए गए। वहीं भाजपा ने 20 हजार में से 7600 लाभार्थियों को कब्जा पत्र सौंप दिए हैं।
गांव में जमीन नहीं होने पर मिलेंगे एक-एक लाख रुपये
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन गांव में पंचायत की जमीन उपलब्ध नहीं है, उन गांव के जरूरतमंद लोगों को 100 वर्ग गज का प्लाॅट खरीदने के लिए एक-एक लाख रुपये की वित्तीय सहायता की जाएगी। योजना के तहत नए लाभार्थियों की सहायता के लिए पोर्टल शुरू किया गया है। पंजीकृत लाभार्थियों के सत्यापन के बाद उन्हें भी प्लॉट दिए जाएंगे। इस मौके पर सामाजिक न्याय, अधिकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण व अंत्योदय (सेवा) राज्य मंत्री बिशंबर सिंह, राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा, राई के विधायक मोहनलाल बड़ौली, भाजपा जिलाध्यक्ष जसबीर दोदवा, पूर्व कैबिनेट मंत्री कविता जैन, मुख्यमंत्री के पूर्व ओएसडी अमरजीत, गोहाना नगर परिषद की अध्यक्ष रजनी विरमानी, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष तीर्थ राणा, योगेश्वर दत्त, बलराम कौशिक, उमेश शर्मा, पवन खरखौदा व भूपेंद्र मलिक मौजूद रहे।
प्लॉट दिलाने की मांग लेकर पहुंचे सिसाना के ग्रामीण
गांव सिसाना के ग्रामीण नई अनाज मंडी में आयोजित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में प्लाॅट दिलाने की मांग लेकर पहुंचे। ग्रामीण पोस्टर लेकर मंडी के मुख्य गेट से पंडाल तक नारेबाजी करते हुए पहुंचे। इसके बाद ग्रामीणाें पंडाल के बाहर ही मुख्यमंत्री से उन्हें 100-100 वर्ग गज के प्लाॅट दिलवाने की मांग की।
सीएम ने भाजपा जिलाध्यक्ष के गांव में स्कूल को आठवीं से दसवीं कक्षा तक करने की घोषणा की
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भाजपा के जिलाध्यक्ष जसबीर दोदवा के अनुरोध पर उनके गांव दोदवा पहुंचे और बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया। जब ग्रामीणों ने गांव में आठवीं तक स्कूल होने के बात कहीं तो मुख्यमंत्री ने उसी समय स्कूल को कक्षा 10वीं तक करने की घोषणा की। उन्हाेंने ग्रामीणों से अनुरोध भी किया कि वह अपने बच्चों का अधिक से अधिक संख्या में राजकीय स्कूलों में दाखिला करवाएं। वह भी सरकारी स्कूल से पढ़कर आज मुख्यमंत्री पद तक पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि आज सरकारी स्कूलों से कई बच्चे डॉक्टर व इंजीनियर बने हैं। विधायक मोहनलाल बड़ौली ने मुख्यमंत्री की घोषणा का स्वागत करते हुए उनका आभार जताया। गांव दोदवा पहुंचने पर भाजपा जिलाध्यक्ष जसबीर दोदवा व सरपंच रमेश ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।