सोनीपत में शराब की अवैध तस्करी के आरोप में गिरफ्तार आरोपी सीआईए-1 की टीम के साथ। संवाद
सोनीपत/खरखौदा। पुलिस ने नशा तस्करों पर शिकंजा कसते हुए अलग-अलग स्थानों से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सीआईए-1 की टीम ने खरखौदा थाना क्षेत्र से दो युवकों को चरस व अफीम सहित और सिटी थाना क्षेत्र से एक को शराब सहित दबोचा है। वहीं मादक पदार्थ निरोधक स्टाफ ने दो युवकों को हेरोइन सहित पकड़ा है। उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज कराकर पुलिस मामलों की जांच कर रही है।
दिल्ली से अफीम और चरस बेचने आए दो युवक गिरफ्तार :
दिल्ली से खरखौदा में चरस और अफीम बेचने के लिए आए दो युवकों को सीआईए-1 की टीम ने गिरफ्तार किया है। सीआईए-1 में नियुक्त एसआई सुनील कुमार की टीम खरखौदा में गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम को सूचना मिली कि दिल्ली के गांव झाड़ौदा का मुकेश अपने साथी दिल्ली के नजफगढ़ निवासी रिंकू को साथ ईको गाड़ी में मादक पदार्थ लेकर खरखौदा आया है। टीम शहर के रोहतक मार्ग बाईपास पर पहुंची नाकाबंदी कर दी। पुलिस ने गाड़ी को पकड़ लिया। जांच के दौरान मुकेश के पास से 900 ग्राम चरस और रिंकू के पास से 300 ग्राम अफीम बरामद की गई। पुलिस ने उनके खिलाफ खरखौदा थाना में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस टीम आरोपियों से पूछताछ कर पता लगाएगी कि वह नशीला पदार्थ कहां से लेकर आए थे और किसे सप्लाई करना था।
100 पेटी शराब सहित तस्कर काबू :
गोहाना रोड बाईपास से सीआईए-1 की टीम ने 100 पेटी देसी शराब सहित टेंपो चालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान शास्त्री कॉलोनी निवासी संदीप के रूप में हुई। आरोपी को मुख्य सिपाही राजेश की टीम ने गिरफ्तार किया। आरोपी शराब को बेचने के लिए दिल्ली लेकर जा रहा था। शराब पर सिर्फ हरियाणा में बिक्री के लिए लिखा है। सिटी थाना में मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
हेरोइन सहित दो तस्कर गिरफ्तार
मादक पदार्थ निरोधक स्टाफ ने दो युवकों को हेरोइन सहित दबोचा है। आरोपियों की पहचान मूलरूप से गांव जुआं फिलहाल चौहान कॉलोनी निवासी दीपक और मूलरूप से गांव रभड़ा फिलहाल शास्त्री कॉलोनी निवासी रितिक है। आरोपियों को पुलिस टीम ने गोहाना रोड फ्लाईओवर के पास से काबू किया। पुलिस ने दीपक के पास से 6.45 ग्राम हेरोइन व रितिक के पास से 619 ग्राम हेरोइन बरामद की। आरोपियों ने बताया कि 12.64 ग्राम हेरोइन को एक राहगीर से लिया था। गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।