सोनीपत। जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रमोद गोयल ने शिक्षिका का पर्स छीनकर भागने के मामले में सुनवाई करते हुए आरोपी को दोषी करार दिया है। अदालत ने पांच साल कैद और 30 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है। जुर्माना अदा न करने पर दोषी को सात माह अतिरिक्त कैद की सजा भुगतनी होगी।
सेक्टर-15 में गुरुद्वारा वाली गली निवासी नीलू त्यागी ने एक जुलाई 2022 को सेक्टर-27 थाना पुलिस को बताया था कि वह मुरथल ब्वाॅयज विद्यालय में शिक्षिका है। वह साथी शिक्षिका की स्कूटी से सोनीपत आ रही थी। सेक्टर-15 में पहुंची तो अचानक बाइक पर आए एक युवक ने उनका पर्स झपट लिया था और भाग गया था। पर्स में मोबाइल, ढाई हजार रुपये, डेबिट कार्ड, पासबुक, स्कूल की चाबी और जरूरी कागजात थे। पुलिस ने लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया था।
मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी गांव फाजिलपुर निवासी विक्की को गिरफ्तार किया था। उसे अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। मामले में सुनवाई के बाद सेशन जज प्रमोद गोयल ने आरोपी विक्की को दोषी करार दिया।