सोनीपत/गोहाना। कोरोना जेएन 1 वेरिएंट के सामने आने पर सरकार की ओर से अलर्ट जारी किया गया है। मुख्यालय की ओर से खांसी, जुकाम, बुखार से पीड़ित मरीजों के आरटी पीसीआर टेस्ट के लिए नमूना लेने का आदेश जारी किया गया है। अस्पताल में भर्ती सभी मरीजों के साथ ही उपचार के लिए आने वाले पांच फीसदी मरीजों के भी नमूने लिए जाएंगे। उन नमूनों को कोरोना जांच के लिए खानपुर कलां स्थित बीपीएस राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज में भेजा जाएगा। कोरोना को लेकर विभाग की सतर्कता अभी नजर नहीं आ रही है। गोहाना के उपमंडल नागरिक अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट को अब तक चालू नहीं किया गया है।
गोहाना के उप मंडल नागरिक अस्पताल में कोरोना काल के दौरान 100 लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन (एलएमओ) का ऑक्सीजन प्लांट लगाने का काम शुरू किया गया था। ऑक्सीजन प्लांट में मशीन उपलब्ध करा दी गई है, लेकिन अभी तक प्लांट को चालू नहीं किया गया है। नागरिक अस्पताल में तरल ऑक्सीजन सिलिंडर से ही काम चलाया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार उनके पास पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन उपलब्ध है। ऑक्सीजन प्लांट में अभी तक न फीटिंग की गई और न ही इसे चालू करने के लिए बिजली कनेक्शन लिया गया है।
कोरोना नियमों को भूल चुके लोग
कोरोना के जेएन 1 वेरिएंट के प्रति लोग अभी लापरवाह बने हुए हैं। बचाव के लिए नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है। बाजारों में लोग बिना मास्क लगाए घूम रहे हैं। मार्केट में आने वाले लोग किसी तरह की शारीरिक दूरी का पालन नहीं कर रहे। अस्पताल में आने वाले मरीज व उनके तीमारदार भी लापरवाही बरत रहे हैं। लगातार बरती जा रही लापरवाही लोगों पर भारी पड़ सकती है। समय रहते प्रशासन की ओर से कोरोना बचाव को लेकर सख्त कदम उठाए जाने की आवश्यकता है।
मेडिकल कॉलेज में व्यवस्था
खानपुर कलां स्थित भगत फूल सिंह महिला मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में 102 ऑक्सीजन बेड की व्यवस्था है। साथ ही 5 वेंटिलेटर, 18 मॉनीटर, 46 इंफ्यूजन पंप, 34 पल्स ऑक्सीमीटर रिजर्व रखे गए हैं। इसके अलावा एक्स-रे, एमआरआई, सीबीसी व अन्य जांच की सुविधा भी कर दी गई है। ऑक्सीजन के लिए 10 हजार एलएमओ क्षमता का तरल ऑक्सीजन स्टोर है। 650 ऑक्सीजन सिलिंडर व दो पीएसए ऑक्सीजन प्लांट हैं, जो ऑक्सीजन उपलब्ध कराएंगे। वहीं छह सीनियर डॉक्टर व 19 जूनियर डॉक्टर, पांच वरिष्ठ नर्सिंग ऑफिसर व 36 नर्सिंग ऑफिसर की ड्यूटी लगाई गई है। साथ ही मरीजों की जांच की सुविधा भी है।
जिला अस्पताल में 24 वेंटिलेटर और 150 ऑक्सीजन बेड की सुविधा
जिला नागरिक अस्पताल में 24 वेंटिलेटर के आईसीयू की सुविधा है। साथ ही 150 ऑक्सीजन बेड की व्यवस्था है। ऑक्सीजन उत्पादन के लिए 200 व 1000 लीटर प्रति मिनट (एलपीएम) के दो ऑक्सीजन प्लांट हैं। साथ ही चिकित्सकों की ओर से सभी स्टाफ कर्मियों को कोरोना से निपटने के लिए प्रशिक्षित किया जा चुका है।
कोरोना के जेएन 1 वेरिएंट काे लेकर अलर्ट जारी हो चुका है। सरकार से खांसी, जुकाम व बुखार वाले मरीजों के आरटी पीसीआर टेस्ट के लिए नमूना लेने का निर्देश दिया है। अस्पताल में वेंटिलेटर व ऑक्सीजन बेड के अलावा दो ऑक्सीजन प्लांट हैं। कोरोना से बचाव के लिए स्टाफ कर्मियों को एहतियात बरतने के निर्देश दिए गए हैं। -डॉ. लोकवीर, प्रधान चिकित्सा अधिकारी, जिला नागरिक अस्पताल।
100 एलएमओ के ऑक्सीजन प्लांट का बिजली कनेक्शन कराने के लिए मुख्यालय पत्र लिखा हुआ है। साथ ही प्लांट में फीटिंग कराने की भी मांग की गई है। -डॉ. दिनेश छिल्लर, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी, उपमंडल नागरिक अस्पताल गोहाना।
कोरोना के नए वेरिएंट से निपटने के लिए मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में तैयारी पूरी है। ऑक्सीजन प्लांट, वेंटिलेटर है। कोरोना संक्रमित ज्यादा होने पर आइसोलेशन वार्ड का दायरा बढ़ाया जाएगा। मुख्यालय में रिपोर्ट भेजी गई है। मेडिकल कॉलेज में संसाधन व स्टाफ को तैयार कर दिया गया है। -डॉ. जगदीश चंद्र दुरेजा, निदेशक, बीपीएस महिला मेडिकल कॉलेज, खानपुर कलां।
फोटो 27. कोरोना के नए वैरिएंट का अलर्ट जारी होने पर भी सोनीपत के नागरिक अस्पताल में बिना मास्क
फोटो 27. कोरोना के नए वैरिएंट का अलर्ट जारी होने पर भी सोनीपत के नागरिक अस्पताल में बिना मास्क
फोटो 27. कोरोना के नए वैरिएंट का अलर्ट जारी होने पर भी सोनीपत के नागरिक अस्पताल में बिना मास्क