राई। बहालगढ़ में शीतल पेय की एजेंसी संचालक को कॉल कर 5 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। रंगदारी नहीं देने पर परिवार को मारने की धमकी दी गई है। बहालगढ़ थाना पुलिस ने आरोपियों के फोन नंबर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी। पुलिस की तीन टीम गठित कर दी गई हैं।
गांव बहालगढ़ निवासी रामधारी ने बताया कि उनकी बहालगढ़ खेवड़ा रोड शीतल पेय पेप्सी की एजेंसी है। उनके मोबाइल पर 9 फरवरी की रात में कॉल आई। कॉल करने वाले ने दो दिन के अंदर लाख रुपये की मांग की। नहीं देने पर उन्हें व उनके बेटे को मारने की धमकी दी थी। उन्होंने पहले इस कॉल को किसी की शरारत समझा। शुक्रवार को सुबह 10:29 बजे फिर एक अन्य मोबाइल नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने पांच लाख रुपये की मांग की। साथ ही नहीं देने पर पूरे परिवार को मारने की धमकी दी। उन्होंने बहालगढ़ थाना पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों मोबाइल नंबर की पहले से गुमशुदगी के मुकदमे दर्ज हैं।
वर्जन
शीतल पेय एजेंसी संचालक ने पांच लाख की रंगदारी मांगने की शिकायत दी है। जिस पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। जिन दो नंबरों से व्यापारी को धमकी का फोन आया है। वह मोबाइल नंबर चोरी हो चुके हैं। पुलिस अब साइबर सेल की मदद से आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। पुलिस जल्द मामले को सुलझा लेगी। -इंस्पेक्टर ऋषिकांत, थाना प्रभारी, बहालगढ़