राई। गांव जाजल के खेत में युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी गांव जाजल निवासी शुभम उर्फ काला व यासीन, मोहाना निवासी सुनील, राजलू गढ़ी निवासी सचिन और पानीपत के गांव हथवाला निवासी आमिर है। पुलिस ने शुभम को अदालत में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है। आरोपी शुभम व उसके दो साथी घटना के बाद भागते हुए बाइक लूट के मामले में भी आरोपी है।
गांव जाजल निवासी बलराम ने 28 फरवरी को बताया था कि वह किसान हैं और उनके पास दो बेटे गौरव व सौरभ हैं। वह अपने बेटे सौरभ के साथ बाइक पर सवार होकर अपने खेत में गए थे। वहां ट्यूबवेल से पहले ही गांव के शुभम व दो अन्य युवकों ने उनके बेटे को रोक लिया था। उन्होंने उनके बेटे पर फायरिंग शुरू कर दी थी। वह बचकर उनकी तरफ भाग आया था। हमलावरों ने कई राउंड फायर किए थे। सौरभ ने बताया था कि शुभम के साथ उनकी मंदिर में मामूली बात पर बहस हुई थी। उसी के चलते हमला किया गया है। पुलिस ने हत्या की कोशिश का मुकदमा दर्ज कर लिया था। इसमें अब पुलिस ने शुभम के साथ ही उसके चार साथियों याशीन, सुनील, सचिन और आमिर है। पुलिस ने शुभम को अदालत मं पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस ने आरोपियों से तमंचा, 16 कारतूस, बाइक बरामद की है।
लूट के मामले में भी संलिप्तता कबूल की
आरोपी शुभम की गिरफ्तारी से उसी दिन हुई बाइक लूट में संलिप्तता का पता लगा है। आरोप है कि घटना के दिन आरोपी शुभम ने दो साथियों के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश के जिला शामली के गांव तीतरवाड़ा निवासी प्रवीन से बाइक लूट ली थी। वह घटना के दिन अपनी ससुराल सोनीपत के गांव टांडा में आए थे।
गांव जाजल में फायरिंग के मामले में पांच आरोपी गिरफ्तार किए है। मुख्य आरोपी को तीन दिन के रिमांड पर लिया है। अन्य को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
- इंस्पेक्टर राजीव कुमार, थाना प्रभारी, बहालगढ़