सोनीपत के नाथूपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित रबड़ फैक्टरी में लगी पर काबू पाने की कोशिश करती अग्निशम
राई। गांव नाथूपुर स्थित औद्योगिक क्षेत्र में रबड़ की पिसाई कर दाना बनाने की फैक्टरी में शुक्रवार को सुबह पौने तीन बजे अचानक आग लग गई। वीरवार रात फैक्टरी मालिक व चार श्रमिक फैक्टरी में ही मौजूद थे।
आग लगने का पता लगते ही वह बाहर भागे और अग्निशमन विभाग की टीम को अवगत कराया। मौके पर पहुंची टीम ने तीन घंटे में आग पर काबू पाया। इसके लिए 10 गाड़ियां बुलाई गई। आग से फैक्टरी मालिक को भारी नुकसान हुआ है।
दिल्ली नरेला निवासी हरीराम की नाथूपुर औद्योगिक क्षेत्र में नीरज इंडस्ट्रीज के नाम से फैक्टरी है। इसमें वह रबड़ की पिसाई कर उसका दाना बनाकर बेचते हैं। वीरवार रात को फैक्टरी मालिक हरीराम व चार अन्य कर्मी मौजूद थे। सुबह करीब पौने तीन बजे फैक्टरी के बाहर पड़ी कटी रबड़ की चप्पल में आग लग गई। इससे आग बढ़ गई और फैक्टरी को भी अपनी चपेट में ले लिया।
आग लगी देख हरीराम व तीनों कर्मी बाहर भागे। उन्होंने देखा कि आग बाहर रखी रबड़ की चप्पलों में लगकर फैक्टरी में पहुंची है। उन्होंने अग्निशमन विभाग की टीम को अवगत कराया। इस पर सोनीपत, कुंडली, राई से अग्निशमन विभाग की दस गाड़ियां मौके पर पहुंची। उप अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा के नेतृत्व में आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया। टीम ने करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक फैक्टरी में रबड़ के टुकड़ों के साथ ही मशीन भी जल गई। आग से फैक्टरी मालिक को भारी नुकसान हुआ है। आकलन के बाद ही आग की वजह व नुकसान का पता लग सकेगा।