सोनीपत। गांव राठधना में छात्र को घर से बुलाकर उस पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर हालत के चलते पीजीआई रेफर कर दिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव राठधाना निवासी सुनीता देवी ने सेक्टर-27 थाना पुलिस को बताया कि वह निजी विवि में नौकरी करती है। उनके पास तीन बच्चे हैं। उनके बेटे गौतम के सहपाठी छात्र के बड़े भाई ने धमकी दी थी कि उसके बेटे को सबक सिखाना पड़ेगा। उसके बाद दोपहर को उनके बेटे गौतम को एक लड़का घर से बुलाकर ले गया था। शाम को सूचना मिली कि गौतम को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी गंभीर हालत के चलते पीजीआई रेफर कर दिया गया है। सूचना पाकर अस्पताल में पहुंची और उपचार शुरू कराया। उनके बेटे गौतम को उसके सहपाठी व उसके परिजनों ने हमला कर घायल किया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। सेक्टर-27 थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।