सोनीपत/राई। बेखौफ बदमाश लूट की वारदातों को अंजाम देकर भाग निकले। गांव नई बसौदी के पास युवक पर हमला कर बदमाशों ने नकदी व मोबाइल लूटा तो सोनीपत शहर में विवेकानंद स्कूल के पास युवक से बाइक, डेबिट कार्ड व मोबाइल लूट लिया गया। बहालगढ़ व सदर थाना सोनीपत पुलिस ने मुकदमे दर्ज कर लिए हैं।
गांव नई बसौदी निवासी आशीष ने बहालगढ़ थाना पुलिस को बताया कि वह शुक्रवार रात करीब 10 बजे बाइक पर सवार होकर गांव की तरफ जा रहे थे। जब वह गांव के पास पहुंचे तो एक युवक ने उन्हें रुकने का इशारा किया। इस पर उन्होंने अपनी बाइक को रोक दिया। उनके बाइक रोकते ही युवक ने चाबी निकाल ली। इसी बीच तीन युवक और आ गए। उन्होंने आते ही उन्हें डंडे से पीटना शुरू कर दिया। साथ ही धमकी दी जो कुछ है वह उन्हें दे दो। इसके बाद युवकों ने उनका मोबाइल फोन व 15 हजार रुपये लूट लिए। बाद में बदमाश अपनी दो बाइकों पर सवार होकर गांव पुरानी बसौदी की तरफ भाग गए। आशीष ने बताया कि उनकी बाइक रुकवाने वाले युवक को वह पहचान सकते हैं। हालांकि तीन अन्य ने चेहरे पर कपड़ा बांध रखा था। बहालगढ़ थाना पुलिस ने लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
ढाबा पर खाना खाकर मामा के घर जा रहे युवक से लूटपाट
मुरथल स्थित सुखदेव ढाबा पर खाना खाकर अपने मामा के घर गांव भदाना जा रहे युवक से बाइक, मोबाइल व डेबिट कार्ड लूट लिया गया। दिल्ली के गांव बक्करवाला निवासी दिलबाग सिंह ने सदर थाना पुलिस का बताया कि वह मुरथल स्थित सुखदेव ढाबा पर खाना खाने आए थे। सोनीपत के गांव भदाना में उनके मामा है। वह अपनी पल्सर बाइक पर सवार होकर भदाना के चल पड़े। वह वीरवार रात 11:20 पर सेक्टर-23 से आगे विवेकानंद स्कूल के पास पहुंचे तो लघुशंका के लिए बाइक को रोक लिया। इसी दौरान चार युवक बाइक पर उनके पास आए। उन्होंने बाइक उनके पास आकर रोक ली। एक युवक ने उनकी बाइक की चाबी छीन ली। उसके दूसरे साथी ने उनका मोबाइल छीन लिया। साथ ही उनका डेबिट कार्ड भी छीन लिया गया। वह उनकी बाइक, मोबाइल व डेबिट कार्ड लेकर भाग गए। बदमाशों की बाइक पर नंबर प्लेट नहीं थी। पीड़ित युवक ने शुक्रवार को मामले से पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है।