खरखोदा सब्जी मंडी में अवैध रूप से सब्जी लेने आये लोगों को रोकने पहुंची पुलिस
- फोटो : AMAR UJALA
सोनीपत। खरखौदा की सब्जी मंडी में अव्यवस्था का आलम है। सोशल डिस्टेंसिंग पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। मंडी में ना केवल बाहरी किसान पहुंचने लगे हैं बल्कि प्रशासन से पास बनवाए बगैर भी सब्जी विक्रेता मंडी में सब्जी लेने के लिए पहुंच रहे हैं। ऐसे में पुलिस व मार्केट कमेटी के कर्मचारियों को रोजाना तडक़े कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। मंडी के हालात जैसे बने हुए हैं उससे यह खतरा बना हुआ है कि कहीं यहां पर भी कोरोना संक्रमण का मामला सामने ना आ जाए। खरखौदा में एक तरफ तो मंडी में दूसरे जिलों से भी सब्जी विक्रेता चोरी-छिपे पहुंच रहे हैं वहीं बगैर पास के क्षेत्र में सब्जी बेचने वाले हाल समय में भी मंडी से सब्जी लेकर जा रहे हैं। इतना ही नहीं खरखौदा की सब्जी मंडी में शारीरिक दूरी का भी कोई ख्याल नहीं रखा जा रहा है। खरखौदा की सब्जी मंडी में ऐसी स्थिति तब बन रही है जब ना केवल सब्जी बेचने वालों बल्कि खरीदने वालों को भी यह अच्छे से पता है कि ना केवल उनके आसपास की सब्जी मंडियों में कोरोना संक्रमित पाए जाने के चलते मंडियां बंद करवाई जा चुकी है बल्कि आजादपुर मंडी, दिल्ली के कारण ही सोनीपत जिले में कोरोना बम फूट चुका है। लेकिन लोगों को बार-बार समझाए जाने के बाद भी नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है, जिसके कारण कोरोना से बचाव के लिए लॉक डाउन के दौरान सरकार व प्रशासन की तरफ से तय किए गए नियम तार-तार हो रहे हैं।