गोहाना। गांव भैंसवाल कलां स्थित खरीद केंद्र बंद किए जाने से परेशान किसानों ने उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार के समक्ष प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने सरकार व उपायुक्त के खिलाफ नारेबाजी की। किसानों ने बताया कि भैंसवाल कलां में खरीद केंद्र बंद किए जाने से उनकी परेशानी बढ़ा दी है। किसानों को साइलो मोहाना में गेहूं की फसल लेकर जाने के लिए कहा है। इस पर किसानों ने साइलो में फसल लेकर न जाने की बात कही।
उपायुक्त डा. मनोज कुमार सोमवार को जींद रोड स्थित नई अनाज मंडी में निरीक्षण करने पहुंचे थे। उन्होंने अधिकारियों को गेहूं की फसल के उठान तेजी से कराने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने मंडी में हर प्रकार की व्यवस्थाओं की पड़ताल की। इस दौरान मंडी में किसानों ने भैंसवाल कलां स्थित खरीद केंद्र बंद कर साइलो में गेहूं भेजे जाने का विरोध किया। किसान सत्यवान नरवाल, आंवली के सरपंच टिंकू, भैंसवाल के सरपंच प्रवीन, अशोक, भगतसिंह ने बताया कि भैंसवाल कलां में सबसे पुराना खरीद केंद्र था। इस खरीद केंद्र पर आसपास के विभिन्न गांवों के किसान गेहूं की फसल लेकर आते थे। अब सरकार ने किसानों को परेशान करने के लिए खरीद केंद्र को बंद दिया। किसानों को अपनी फसल साइलो मोहाना में लेकर जाने के लिए कहा जा रहा है।
सरसों की खरीद दोपहर बाद होने पर किसानों में रोष
गोहाना नई अनाज मंडी में सोसाइटी के पास केवल एक ही दुकान है। इसकी वजह से फसल को उतारने के लिए जगह कम है। ऐसे में सोसाइटी की तरफ से सरसों की खरीद करते ही फसल का उठान शुरू कर दिया जाता है। किसानों को कई घंटे तक फसल उतारने के लिए इंतजार करना पड़ता है। किसानों ने इस समस्या को लेकर भी उपायुक्त से शिकायत की है।
साइलो मोहाना में मिली अव्यवस्थाएं
उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार ने साइलो मोहाना में निरीक्षण के दौरान अव्यवस्थाएं मिलने पर नाराजगी जताई। उन्होंने साइलो में पानी तथा बैठने आदि व्यवस्थाओं को लेकर असंतोष जताया। उन्होंने साइलो प्रबंधक को निर्देश दिए कि तुरंत प्रभाव से साइलो में पेयजल के साथ किसानों के बैठने के लिए टेंट की व्यवस्था की जाए। साथ ही गेट पास के लिए प्रिंटर-कंप्यूटर की व्यवस्था करते हुए फसलों की खरीद व उठान में समय की प्रतिबद्घता का ध्यान रखा जाए। उन्होंने संबंधित एसडीएम को निर्देश दिए कि वह नियमित साइलो का निरीक्षण कर उन्हें रिपोर्ट प्रेषित करें। इस दौरान एसडीएम विवेक आर्य, अमित कुमार, डीएफएससी विंशेल सहरावत, मार्केट कमेटी सचिव जितेंद्र कुमार,ज्योति मोर व हैफेड के डीएम उमाकांत भी मौजूद रहे।