संवाद न्यूज एजेंसी
गोहाना। मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर गेहूं व सरसों की फसल के पंजीकरण कराने के लिए अंतिम तिथि 31 दिसंबर निर्धारित है। अभी तक महज 10.88 फीसदी किसानों ने ही फसलों को पंजीकरण कराया है। कृषि विभाग के अधिकारियों का कहना है कि किसान 31 दिसंबर तक खुद या अटल सेवा केंद्र पर जाकर गेहूं व सरसों की फसल का पंजीकरण करा सकते हैं। जिसके बाद किसानों को सरकार की तरफ से मिलने वाली सुविधा उपलब्ध हो जाएंगी।
कृषि विभाग के एसडीओ डॉ. राजेंद्र मेहरा ने बताया कि गेहूं की सरकारी खरीद पाने के लिए और सरकार की सुविधा लेने के लिए किसान मेरी फसल मेरा ब्योरा पर जल्द पंजीकरण कराना अनिवार्य है। किसान पंजीकरण कराने के लिए परिवार पहचान पत्र, बैंक कॉपी, आधार कार्ड, मोबाइल नंबर, जमीन की नई फर्द लेकर अटल सेवा केंद्र पर जाए और फसलों का पंजीकरण कराएं। उन्होंने बताया कि 15 अक्टूबर से किसानों के लिए पोर्टल खोल दिया था, लेकिन अभी तक बहुत कम किसानों ने पंजीकरण किया है। उन्होंने बताया कि गोहाना में 1.67 लाख हेक्टेयर जमीन पर गेहूं की फसल लगाई गई है। जिसमें से केवल 18 हजार 228 एकड़ फसल का 2719 किसानों ने पंजीकरण कराया हैं। जो कुल जमीन का करीब 10.88 फीसदी है। उन्होंने किसानों से अपील की है कि वह 31 दिसंबर तक फसल का मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर पंजीकरण कराएं।