खरखौदा (सोनीपत)। भाजपा के सोनीपत लोकसभा प्रत्याशी मोहन लाल बड़ाैली को शनिवार को एक बार फिर किसानों के विरोध का सामना करना पड़ा। उनके राई विधानसभा क्षेत्र के गांव नाहरा में चल रहे धरने से उठकर किसानों ने मोहम्दाबाद गांव में हुई उनकी चुनावी सभा के बीच नारेबाजी की। इस दौरान मोहन लाल बड़ाैली माइक हाथ में थामकर चौपाल की दीवार से विरोध जता रहे किसानों को जवाब देते दिखाई दिए, जबकि किसानों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। नाहरा गांव के खेतों से बगैर मुआवजा दिए हाईटेंशन लाइन के टावर लगाने को धरना दिया जा रहा है। मोहनलाल ने विरोध जता रहे किसानों को कहा कि वह राजनीति करने का काम न करें। बाहर के लोग किसानों के बीच आकर माहौल खराब कर रहे हैं। किसानों ने पहले नासीरपुर बांगर में भी मोहनलाल बड़ाैली की चुनावी सभा में विरोध जताया। संवाद