सोनीपत के गांव आहुलाना स्थित सहकारी चीनी मिल में धरने पर बैठे किसान। संवाद
गोहाना। गांव आहुलाना स्थित चौ. देवीलाल सहकारी चीनी मिल में गन्ने की कटौती के विरोध में शनिवार को किसानों ने प्रदर्शन किया और धरना दिया।
किसानों ने मिल परिसर में गन्ना नहीं देने का निर्णय लिया। गन्ना नहीं देने की सूचना मिलने पर गन्ना प्रबंधक मनजीत दहिया किसानों से मिलने पहुंचे। उन्होंने एमडी से बातचीत नहीं होने तक गन्ने में कटौती नहीं करवाने का आश्वासन किसानों को दिया। गन्ना प्रबंधक के आश्वासन पर किसानों ने गन्ना नहीं देने का निर्णय स्थगित कर दिया। किसानों का नेतृत्व भाकियू के जिलाध्यक्ष अशोक लठवाल ने किया। किसान नेता अशोक लठवाल ने बताया कि चीनी मिल में गन्ने की ज्यादा कटौती की जा रही है। इससे किसानों को नुकसान हो रहा है। किसानों का आरोप है कि गन्ने की कटौती मिल प्रबंधन की तरफ से करवाई जा रही है। किसानों ने मिल परिसर में धरना देकर गन्ना देने से मना कर दिया।