गन्नौर के किसान नेता वीरेंद्र पहल का टूटी सड़कों को लेकर मुख्यमंत्री को किया गया ट्वीट।
गन्नौर। गन्नौर को गोहाना से जोड़ने वाली सड़क खस्ताहाल है जिससे राहगीरों को परेशानी हो रही है। पिछले बजट के समय उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने इस सड़क को जल्द बनवाने की बात कहीं थी लेकिन इसका निर्माण शुरू नहीं कराया गया। किसान नेता विरेंद्र पहल ने इस पर मुख्यमंत्री को ट्विट किया है।
गन्नौर को गोहाना से जोड़ने वाली सड़क की लंबाई करीब 16 किलोमीटर है। इसका निर्माण नाबार्ड के तहत होना था। यह सड़क करीब 20 गांव को गोहाना व गन्नौर से जोड़ती है। सड़क टूटी होने के कारण लोगों को परेशान होना पड़ता है। ग्रामीण सुरेंद्र, राम निवास, देवेंद्र, सतीश, नरेश, आनंद का कहना है कि काफी समय बीत जाने के बाद भी काम शुरू नही किया गया। इसको लेकर शुक्रवार को गुमड़ गांव के लोगों ने प्रर्दशन भी किया था।
किसान नेता विरेंद्र पहल ने टूटी हुई सड़क को लेकर मुख्यमंत्री मनोहर लाल को ट्वीट कर शिकायत की है। इसमें उन्होंने कहा कि इस सड़क से प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहरलाल, उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला कई बार गुजर चुके हैं, लेकिन सड़क टूटी होने के बावजूद भी प्रदेश सरकार आंख बंद कर लेती है। विरेंद्र पहल ने तंज कसते हुए लिखा कि यह सड़क हरियाणा की है न कि पाकिस्तान की। सरकार विकास की बात छोड़ धरातल पर काम करे, अन्यथा आने वाले चुनाव में सरकार को खामियाजा भुगतना पड़ेगा।
वर्जन
एजेंसी को पैच वर्क के लिए बोला है। जब तक टेंडर नहीं होता है तब तक टूटी सड़क पर पैच वर्क कराया जाएगा। जल्द ही नाबार्ड के तहत सड़क का निर्माण कार्य कराया जाएगा। क्षेत्रवासियों को परेशानी नहीं आने दी जाएगी।-रवीन दत्ता, एसडीओ, लोक निर्माण विभाग, गन्नौर।