गोहाना। बरोदा विधानसभा क्षेत्र के छिछड़ाना गांव के सरपंच राजबीर मलिक व ग्रामीणों ने बुधवार को भाजपा कार्यकर्ता प्रदीप सांगवान से मुलाकात कर खेतों के रास्तों को पक्का कराने के लिए ग्रांट मंजूर कराने पर आभार जताया। प्रदीप सांगवान ने बताया कि बरोदा हलके के 15 गांवों में खेतों के कच्चे रास्तों को पक्का किया जाएगा। इसके लिए कुल 2.83 करोड़ रुपये की ग्रांट मंजूर हुई है। छिछड़ाना गांव में 19.78 लाख रुपये की लागत से 1.1 किलोमीटर लंबे कच्चे रास्ते को पक्का किया जाएगा। रास्ता पक्का होने से किसानों को खेतों तक आने-जाने में सुविधा मिलेगी और बरसात के दिनों में होने वाली परेशानी से भी राहत मिलेगी। ग्रामीणों ने इस कार्य के लिए सरकार और भाजपा कार्यकर्ता का धन्यवाद किया। इस अवसर पर डॉ. राममेहर राठी, इंद्रपाल, राजू मातंड, कंवल सिंह मलिक, रेणु और मनीष नरवाल मौजूद रहे। संवाद