सोनीपत। लोक निर्माण विभाग ने गांव बड़वासनी-किलोहड़द रोड की करीब 15 दिन बाद भी सुध नहीं ली है। बुधवार को जिला पार्षद संजय बड़वासनी ने ग्रामीणों के साथ सड़क पर बैठकर प्रदर्शन करते हुए सरकार व प्रशासन के खिलाफ रोष जताया।
बड़वासनी ने कहा कि शिकायत देने के बावजूद प्रशासन व विभाग के अधिकारी टूटी सड़क पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। किसी भी समय अनहोनी दुर्घटना हो सकती है। उन्होंने कहा कि वीरवार को टूटी सड़क पर हवन कर प्रशासन को जगाने का प्रयास किया जाएगा।बड़वासनी-किलोहड़द रोड पर 14 जून को सीएलसी नहर टूटने से पानी के साथ करीब 500 मीटर हिस्से की आधी सड़क टूट चुकी है। जिला पार्षद ने बताया कि टूटी सड़क हर समय हादसों को न्योता दे रही है। रात के समय अंधेरे में हादसा होने का ज्यादा खतरा है। सरकार की अनदेखी व लोक निर्माण विभाग की लापरवाही के चलते वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ रही है, लेकिन अधिकारी सड़क ठीक करने में असमर्थता दिखाई दे रहे हैं। शिकायत देने के बावजूद ग्रामीणों की सुनवाई नहीं की जा रही है। अगर कोई दुर्घटना घटती है तो उसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इस दौरान पूर्व सरपंच प्रदीप, संदीप, राजबीर, सुदेश, कर्मबीर, राजेश, संजीत व अंकित मौजूद रहे।
दर्जनभर गांवों के लोग व वाहन चालक परेशान
जिला पार्षद ने कहा कि बड़वासनी-किलोहड़द रोड पर करीब एक दर्जन से ज्यादा गांव लगते हैं। इनमें गांव किलोहड़द, चिटाना, भटाना जाफराबाद, नाहरा, जुआं, रमाना, सिटावली, चटिया देवा शामिल हैं। सभी गांवों के ग्रामीणों व वाहन चालकों का रोजाना इस सड़क से आवागमन है। सिंचाई विभाग ने नहर के हिस्से को ठीक करवाकर पानी का बहाव तो शुरू करवा दिया, लेकिन सड़क टूटने के बाद लोक निर्माण विभाग उसकी सुध नहीं ले रहा है। जिससे ग्रामीणों के साथ वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
टूटी सड़कों से झलक रहा सोनीपत का विकास
उन्होंने कहा कि सड़कों की हालत खस्ताहाल है। टूटी सड़कों से सोनीपत का विकास झलक रहा है, लेकिन भाषणों में विकास के बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं। गांव पुरखास, नाहरा सहित कई लिंक रोड टूटे हुए हैं। सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे होने से आए दिन दोपहिया वाहन चालक हादसे का शिकार हो रहे हैं। शिकायत करने के बावजूद सड़कों की स्थिति में कोई सुधार नहीं किया जा रहा है।
गांव बड़वासनी-किलोहड़द रोड की मरम्मत के लिए लोक निर्माण विभाग की ओर से 24 लाख रुपये का बजट तैयार कर मुख्यालय भेजा गया है। उसे मंजूरी मिलते ही सड़क की मरम्मत का काम शुरू कर दिया जाएगा। -राकेश कुमार, उपमंडल अभियंता, लोक निर्माण विभाग, सोनीपत।
फोटो 08- गांव बड़वासनी-किलोहड़द रोड पर बैठकर सरकार व प्रशासन के खिलाफ रोष जताते जिला पार्षद संज