सोनीपत। लोकतंत्र के पर्व के मौके पर मतदान केंद्रों के बाहर उत्साह का माहौल रहा। लोकतंत्र के उत्सव का नजारा हर गली व मोहल्लों में दिखाई दिया। बूथ और मतदान केंद्र के बाहर भी खूब रौनक थी। वहीं, बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। दुकानदारों को न सामान बेचने की चिंता और न ही लोगों को सामान खरीदने की।
शहर में व्यवसायी अपनी-अपनी दुकानें बंद कर मतदान करने बूथों पर पहुंचे। बाजार के मतदाताओं में भी खासा उत्साह देखा गया। लोकतंत्र के मजबूती प्रदान के लिए मतदाताओं ने अपने काम को पीछे रख इस पर्व में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया। बाजारों में कुछ आवश्यक सामग्री की दुकानों को छोड़ लगभग सभी दुकानें बंद रही। लोग मतदान के लिए घर से निकले और फिर मतदान कर लौट गए। मतदान के दौरान सड़कों पर प्रशासनिक हलचल तेज रही। प्रशासन के आला-अधिकारियों की भाग-दौड़ सड़क पर अधिक दिखी। यही कारण रहा कि बाजारों पर जहां सुबह चहल कदमी नजर आ रही थी, वहीं दोपहर के समय सभी बाजार बंद रहे। शाम होने के बाद कच्चे क्वार्टर समेत कई बाजारों में कुछ दुकान खुली दिखाई दी।