संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। लोकसभा चुनाव में इस बार दृष्टिहीन मतदाताओं के लिए एपिक कार्ड और फोटो वोटर स्लिप ब्रेल लिपि में प्रकाशित कराई जाएगी। ब्रेल बैलेट पेपर व ईवीएम पर स्लिप की सुविधा भी रहेगी। यह जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार ने दी।
उन्होंने बताया कि दिव्यांग मतदाताओं के लिए व्हीलचेयर, मतदान केंद्रों पर रैंप व परिवहन की सुविधा दी जाएगी। दिव्यांग मतदाताओं को मतदान केंद्र तक लाने और घर छोड़ने के लिए वाहन की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। दिव्यांगों की सहायता के लिए एनसीसी, एनएसएस व रेडक्रॉस स्वयंसेवक मौजूद रहेंगे। दृष्टिहीन व अशक्त दिव्यांग मतदाता जो मशीन का बटन दबाकर वोट डालने में असमर्थ हैं, वह एक सहयोगी को साथ लेकर जा सकते हैं। सहयोगी की आयु 18 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए। दिव्यांग मतदाता जो स्वयं ईवीएम का बटन दबाकर वोट डालने में समर्थ हैं, उन मतदाताओं के साथ आने वाले सहयोगी दिव्यांग मतदाता को वोटिंग कक्ष तक ले जा सकते हैं, लेकिन सहयोगी वोटिंग कक्ष के अंदर नहीं जा सकते।
हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ कर दिया मतदान का संदेश
जिला प्रशासन के मतदाता जागरूकता अभियान को गति देते हुए पुलिस आयुक्त बी. सतीश बालन व उपायुक्त डाॅ. मनोज कुमार ने सेल्फी प्वाइंट पर फोटो खिंचवाई। उन्होंने मैं अनिवार्य रूप से वोट डालूंगा के तहत हस्ताक्षर अभियान का भी शुभारंभ करते हुए मतदान का संदेश दिया। स्वीप की नोडल अधिकारी एवं अतिरिक्त उपायुक्त अंकिता चौधरी के निर्देशन में सेल्फी प्वाइंट व हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की गई है। इसका शुभारंभ पुलिस आयुक्त व उपायुक्त ने संयुक्त रूप से किया। एडीसी अंकिता चौधरी सहित अन्य अधिकारियों ने भी सेल्फी लेते हुए हस्ताक्षर अभियान में हिस्सा लिया।
वर्जन
लोकतंत्र में मतदान को महापर्व के रूप में मनाया जाता है। इस महापर्व में हर मतदाता को उत्साह के साथ हिस्सा लेना चाहिए। सभी पुलिस अधिकारियों व जवान ड्यूटी के साथ अपने मत का प्रयोग अवश्य करें, जिसके लिए चुनाव आयोग ने विशेष सुविधा प्रदान की है। मतदान के लिए प्राप्त सुविधा का लाभ उठाते हुए आम जनमानस भी अपने मत का प्रयोग जरूर करे।-बी. सतीश बालन, पुलिस आयुक्त, सोनीपत
वर्जन
प्रत्येक मतदाता को वोट की अहमियत को गंभीरता से समझते हुए अपने मत का प्रयोग अनिवार्य रूप से करना चाहिए। लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदान जरूरी है, इसके प्रति किसी भी प्रकार की उदासीनता उचित नहीं है। मतदान फीसदी को बढ़ाने के लिए विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं, जिससे मतदाताओं को प्रोत्साहन मिल रहा है। आशा है कि इन प्रयासों से मत फीसदी में वृद्धि होगी।-डॉ. मनोज कुमार, जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त, सोनीपत