सोनीपत के गोहाना बस अड्डे पर हैप्पी कार्ड बनवाने पहुंचे पात्र लोग। संवाद
गोहाना। गोहाना बस अड्डा परिसर में हैप्पी कार्ड बनने शुरू हो गए हैं। पात्र लोग मोबाइल पर मैसेज या ओटीपी आने के बाद बस अड्डा पहुंच रहे हैं। रोडवेज के अधिकारी पात्र लोगों को मैसेज पर दी गई तारीख के दिन आवश्यक दस्तावेज लेकर आने की सलाह दे रहे हैं।
हैप्पी कार्ड योजना के तहत एक लाख रुपये तक की वार्षिक आय वाले परिवार के सदस्य हर साल हरियाणा रोडवेज की बसों में एक हजार किलोमीटर तक निशुल्क यात्रा कर सकेंगे। यह कार्ड ई-टिकटिंग प्रणाली से जुड़ा होगा। पात्र इस कार्ड को परिचालक को दिखाएंगे। इसके बाद परिचालक पात्र को जीरो बैलेंस का टिकट जारी करेगा और पात्र एक हजार किलोमीटर तक फ्री में रोडवेज की बसों में सफर कर सकेंगे।
रोडवेज के अधिकारियों के अनुसार जिस भी परिवार की आय परिवार पहचान पत्र में एक लाख रुपये से कम है, वह हैप्पी कार्ड के लिए अटल सेवा केंद्र पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कराएं। जब पात्र के पास हैप्पी कार्ड चालू होने का मैसेज आएगा और उस पर बस अड्डे में जाने की तारीख भी होगी। पात्र निर्धारित तिथि पर बस स्टैंड परिसर में आकर अपना कार्ड ले सकते हैं। उपभोक्ता को पंजीकरण करते समय दिया गया पंजीकरण नंबर, मोबाइल, पेन कार्ड, परिवार पहचान पत्र व आधार कार्ड साथ लेकर आना होगा। हैप्पी कार्ड के लिए आवेदक को 50 रुपये शुल्क देना होगा।
वर्जन
एक लाख से कम आय वाले परिवारों को हैप्पी कार्ड जारी करने शुरू कर दिए हैं। लाभार्थी के मोबाइल पर हैप्पी कार्ड शुरू होने का संदेश आएगा तो वह बस स्टैंड परिसर में आकर अपना कार्ड ले सकते है। -तेलूराम, डीआई, बस अड्डा, गोहाना।