सोनीपत। ईद उल जुहा (बकरीद) को लेकर मस्जिदों में तैयारी शुरू हो गई हैं। जिलेभर की विभिन्न मस्जिदों में 17 जून को ईद उल जुहा मनाया जाएगा। नमाज अदा करने का अलग-अलग समय रहेगा।
गर्मी के मौसम को देखते हुए नमाज के लिए पहुंचने वाले लोगों के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। रसोई स्थित मदीना मस्जिद के इमाम नसीम कासमी ने बताया कि ईद उल जुहा पर कुर्बानी व दान करने का खास महत्व होता है। कुर्बानी सिर्फ बकरा का ही नहीं, बल्कि हम बुराइयों को छोड़कर भी कुर्बानी कर सकते हैं।
इमाम कारी नसीम कासमी ने सभी से आह्वान किया कि वह खुले में कुर्बानी न करें, ताकि किसी को ठेस न पहुंचे। पड़ोसियों और भाईचारे का भी विशेष ख्याल रखा जाए। उन्होंने कहा कि ईद उल जुहा पर दान का विशेष महत्व है। अपने हिसाब से जरूरतमंद लोगों को दान करें। ईद उल जुहा मोहब्बत का पैगाम देता है। इसलिए इसे प्यार व मोहब्बत के साथ मिलकर मनाएं।
किस मस्जिद में कितने बजे होगी नमाज
नूरानी मस्जिद, कुंडली सुबह 6 बजे
मामा भांजा मस्जिद, सोनीपत सुबह 8 बजे
मदीना मस्जिद, रसोई सुबह 7 बजे
फातिमा मस्जिद, कुंडली सुबह 7:30 बजे
नांगल कलां मस्जिद, सोनीपत सुबह 7:15 बजे
ईदगाह मस्जिद, सोनीपत सुबह 8 बजे
ईद-उल-जुहा पर नमाज एक घंटा पहले होगी : मौलाना मोमिन
गोहाना। वार्ड नंबर 8 स्थित ईदगाह बस्ती की मुख्य मस्जिद में ईद-उल-जुहा यानी बकरीद पर नमाज सुबह आठ बजे अदा की जाएगी। यह जानकारी शनिवार को मौलाना मोमिन ने दी। कहा कि गत वर्षों में बकरीद पर नमाज सुबह 9 या 9:30 बजे अदा होती थी, लेकिन इस बार गर्मी ज्यादा होने से इसे जल्दी और आठ बजे ही अदा करवाने का निर्णय किया गया है।