सोनीपत। बहालगढ़ रोड पर निकाली गई श्रीराम की शोभायात्रा में बुजुर्ग के कान की बाली खींच ली। दिल्ली कैंप की बुजुर्ग यात्रा देखने गई थी। पीड़िता ने सेक्टर 27 थाना में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
दिल्ली कैंप स्थित हेम नगर निवासी कृष्णा (76) ने पुलिस को बताया कि रविवार को भाजपा नेता राजीव जैन की अगुआई मे श्री रामलला प्राण प्रतिष्ठा को लेकर शोभा-यात्रा निकाली गई थी। वह भी यात्रा देखने के लिए घर से निकली थी। वह बहालगढ़ रोड पर प्रॉपर्टी डीलर के कार्यालय के सामने खड़ी थी। इसी दौरान काफी भीड़ थी। भीड़ में से किसी ने उसके कान से सोने की बाली खींच ली। वह उसे देख नहीं सकी। महिला ने वारदात के बाद इसकी सूचना पुलिस को डायल 112 पर काल कर दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी की जांच का प्रयास किया तो रविवार को दुकान बंद थी। उन्होंने सोमवार को शिकायत मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर लिया है।