गन्नौर। शहर में पानी की आपूर्ति की समस्या से अब लोगों को निजात मिलेगी। बुधवार को जनस्वास्थ्य विभाग ने जल घर पर आए बिजली के फाल्ट को दूर करते हुए नया ट्रांसफार्मर लगा दिया है। इसके बाद विभाग ने पानी को रि-स्टोर करने के बाद शहर में पानी की आपूर्ति शुरू कर दी।
शहर में कुछ दिनों से पेयजल आपूर्ति समय पर नहीं होने से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही थी। इसके चलते मंगलवार को वार्ड 9 के लोगों ने जनस्वास्थ्य विभाग कार्यालय में पहुंच कर प्रदर्शन भी किया था। इसके चलते बुधवार को नगरपालिका चेयरमैन अरुण त्यागी के साथ पार्षद विकास शर्मा, शमशेर सैनी, राजेश शर्मा, अंकित त्यागी, पार्षद सचिन कोच, पार्षद प्रतिनिधि हरविंदर त्यागी वाटर बाक्स पर पहुंचे और जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को हर हालत में शहर में सभी जगह पानी पहुंचाने को कहा। इसके बाद विभाग के अधिकारियों ने नया ट्रांसफार्मर रखवा कर वाटर बाक्स में चल रहे बिजली फाल्ट को ठीक करवाया और शहर में पानी की आपूर्ति को सुचारू किया।