सोनीपत। बहालगढ़ रोड स्थित एक निजी अस्पताल में महिला की दोनों किडनी निकालने के मामले में आरोपी चिकित्सक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को पुलिस ने अदालत में पेश किया, जहां उसे जमानत मिल गई।
राजेंद्र नगर निवासी आनंद ने 25 सितंबर को सेक्टर-27 थाना पुलिस को बताया था कि पत्नी वीना की बाएं तरफ की किडनी में पथरी थी। पत्नी का उपचार बहालगढ़ रोड स्थित एक निजी अस्पताल में चल रहा था। 27 अप्रैल को चिकित्सक ने बताया था कि वीना रानी की बाएं तरफ की किडनी में पथरी होने की वजह से किडनी खराब हो चुकी है। किडनी को ऑपरेशन कर बाहर निकालना पड़ेगा।
उन्होंने वीना रानी को 29 अप्रैल को दाखिल करवा दिया था। इसके बाद 1 मई को ऑपरेशन हुआ था। बाद में जब वह पत्नी से मिले तो वह बेसुध थी। डॉक्टर के पास जाने पर उन्होंने रिपोर्ट देखने के बाद उनके सामने हाथ जोड़कर माफी मांगते हुए कहा था कि उनसे बहुत बड़ी गलती हो गई है। गलती से वीना की दोनों किडनी निकाल दी है। उन्होंने पुलिस को शिकायत दी थी। मामले की जांच मेडिकल बोर्ड से कराने पर रिपोर्ट में डॉक्टर की लापरवाही सामने आई थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया था। अब मामले में पुलिस ने आरोपी चिकित्सक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां उसे जमानत मिल गई।