फोटाे 33 - सोनीपत के गांव बड़वासनी स्थित कुलदीप मलिक खेलकूद अकादमी के प्रशिक्षक अजय मलिक के साथ
सोनीपत। एशियन कुश्ती चैंपियनशिप के अंडर-17 आयु वर्ग की ट्रायल में जिले की लाडली ने स्वर्ण पदक जीतकर नाम रोशन किया है। यह ट्रायल शुक्रवार को एशियन कुश्ती संघ की तरफ से दिल्ली के केडी जाधव इंडोर स्टेडियम में आयोजित किया गया था। इसमें पहलवान काजल ने बेहतरीन खेल दिखाया।
गांव लाठ निवासी पहलवान काजल गांव बड़वासनी स्थित कुलदीप मलिक खेलकूद अकादमी में कुश्ती के दांव पेच सीख रही है। काजल ने ट्रायल में अंडर 17 वर्ग के 73 किलो भार वर्ग में प्रतिभागिता की थी। काजल ने उत्तर प्रदेश की पहलवान ईशिता को एकतरफा मुकाबले में 10-0 के अंतर से मात दी। काजल अब 22 से 30 जून तक जॉर्डन के अम्मान में होने वाली एशियन कुश्ती प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व करेगी। प्रशिक्षक अजय मलिक ने बताया कि काजल ने ट्रायल में बेहतरीन खेल दिखाया। हमें खुशी है कि काजल एशियन कुश्ती प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व करेगी।
ध्यानचंद एवं भीम अवार्डी प्रशिक्षक कुलदीप मलिक ने बताया कि ट्रायल में भारती ने भी 69 किलाे भार वर्ग में भाग लिया था, वह जॉर्डन के लिए क्वालिफाई नहीं कर सकी। भारती का फाइनल मुकाबला राज्य की ही मानसी से था। रोमांचक मुकाबले में भारती को एक अंक से हार का सामना करना पड़ा। ट्रायल में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहलवानों को ही जाॅर्डन के लिए चयन किया गया है। लोकसभा चुनाव के चलते इस बार अंडर 17 राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता नहीं कराई जा सकी थी। एशियन कुश्ती चैंपियनशिप अंडर - 17 के लिए पहलवानों का चयन ट्रायल के आधार पर किया गया है।
काजल का एशियन कुश्ती प्रतियोगिता में चयन होने पर अंतरराष्ट्रीय रेफरी वीरेंद्र मलिक, प्रशिक्षक रणधीर मलिक, एईओ जगबीर मलिक, शमशेर व अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षक राज सिंह छिक्कारा ने बधाई दी है।
फोटाे 33 - सोनीपत के गांव बड़वासनी स्थित कुलदीप मलिक खेलकूद अकादमी के प्रशिक्षक अजय मलिक के साथ