सोनीपत के लिटिल एंजल्स अकादमी की विजेता टीम ट्रॉफी के साथ। स्रोत : प्रशिक्षक
सोनीपत। राज्यस्तरीय अंडर 17 सुब्रतो मुखर्जी कप में जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए लिटिल एंजल्स अकादमी की फुटबॉल टीम ने बेहतर प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में जिले की टीम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। यह प्रतियोगिता अंबाला कैंट स्थित वार हीरोज स्टेडियम में 23 से 25 जून को आयोजित की गई थी। प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी जिलों से टीमों ने भाग लिया था।
प्रशिक्षक कृष्ण सांगवान ने बताया कि प्रतियोगिता में जिले की टीम का पहला मुकाबला कैथल की टीम के साथ हुआ। इसमें सोनीपत ने 4-1 से जीत दर्ज की। दूसरे मुकाबले में हिसार की टीम को 3-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। सेमीफाइनल मुकाबले में जिले की टीम को फतेहाबाद के भूना की टीम से 2-0 से हार का सामना करना पड़ा। वहीं टीम का तीसरे स्थान के लिए सिरसा से मुकाबला हुआ। इसमें जिले की टीम ने 1-0 के स्कोर से जीत दर्ज कर तीसरा स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में फतेहाबाद भूना की टीम ने प्रथम व अंबाला की टीम ने दूसरा स्थान पाया। प्रशिक्षक नवीन मलिक ने बताया कि प्रतियोगिता में जिले के उत्कर्ष कादयान पांच गोल किए, इसके लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का खिताब दिया गया। यह प्रतियोगिता भारतीय वायु सेना व शिक्षण विभाग की तरफ से हर वर्ष आयोजित की जाती है। जो हर प्रदेश में जिला व राज्य स्तर पर अंतर-विद्यालय में आयोजित की जाती हैं। राज्य अंतर-विद्यालय चैंपियनशिप जीतने वाली स्कूली टीमें फिर दिल्ली में मुख्य सुब्रतो कप प्रतियोगिता में भाग लेती है।