एसडीएम निर्मल नागर को ज्ञापन सौंपते भाकियू युवा जिलाध्यक्ष विरेंद्र पहल। संवाद
गन्नौर। किसानों ने गांवों में बिजली कटौती की समस्या से परेशान होकर गन्नौर नई अनाज मंडी से लेकर लघु सचिवालय तक पैदल मार्च निकाला। किसान नेताओं ने इस बीच भाकियू युवा जिलाध्यक्ष विरेंद्र पहल के नेतृत्व में सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद उन्होंने एसडीएम निर्मल नागर को ज्ञापन सौंप कर बिजली व्यवस्था सुचारु करवाने की मांग की।
विरेंद्र पहल ने बताया कि सरकार किसानों को खेतों की सिंचाई के लिए 8 से 10 घंटे बिजली देने का दावा करती है, लेकिन हालात उसके विपरीत हैं। पहल ने कहा कि यह समय धान की रोपाई का है, लेकिन उनको पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही है। इसको लेकर किसान कई बार बिजली निगम के अधिकारियों से मिल चुके हैं, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। उन्होंने विधायक निर्मल चौधरी व बिजली निगम के अधिकारियों पर किसानों से पक्षपात करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अधिकारी गांवों की बिजली काट कर विधायक के गांव शेखपुरा में 10 से 12 घंटे दे रहे हैं। अगर अधिकारी उनकी समस्या का समाधान नहीं करते हैं तो किसान लघु सचिवालय व एसडीओ कार्यालय पर ताला लगा देंगे।