सोनीपत के मुरथल अड्डा स्थित पीएमश्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बनाए गए बूथ पर
सोनीपत। लोकसभा चुनाव में मतदान के दौरान युवाओं के साथ बुजुर्गों में भी गजब का उत्साह देखने को मिला। हालांकि इस दौरान मतदाता सूची में नाम नहीं मिलने पर कई मतदाताओं को निराश होकर बिना मतदान किए ही वापस लौटना पड़ा। इन्हीं मतदाताओं में से एक हैं चावला कॉलोनी निवासी 83 वर्षीय बिमला देवी। उन्होंने बताया कि वह सुबह करीब 11 बजे मतदान करने के लिए अपनी बहु शाम्भवी के साथ मुरथल अड़्डा स्थित पीएमश्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बनाए गए बूथ पर पहुंची, लेकिन मतदाता सूची में नाम नहीं मिला। जबकि वह वर्षों से मतदान करती आ रही हैं। दो घंटे सभी बूथों पर कई बार मतदाता सूची खंगालने के बाद भी जब नाम नहीं मिला तो निराश होकर दोपहरी की तपती धूप में वापस लौटना पड़ा।