सोनीपत। जिला फुटबॉल संघ की तरफ से आयोजित जिलास्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता में ढुल (ए) फुटबॉल क्लब ने जीत दर्ज की। टीम ने फाइनल में जागसी फुटबॉल क्लब को हराया। मुख्य अतिथि अधिवक्ता अमित खत्री ने विजेता टीम को पुरस्कृत किया।
जिला फुटबॉल संघ के महासचिव नरेश कुमार मलिक ने बताया कि रविवार को नंदी चौक के पास स्थित खेल स्टेडियम में प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें ढुल (ए) फुटबॉल क्लब, जागसी फुटबॉल क्लब, ढुल (बी) फुटबॉल क्लब और ढुल (सी) फुटबॉल क्लब की टीमों ने भाग लिया। ढुल (ए) फुटबॉल क्लब ने 2-0 गोल के अंतर से जागसी फुटबॉल क्लब को हरा दिया। ढुल (ए) फुटबॉल क्लब की खिलाड़ी शीनू और विपांशी ने एक-एक गोल किया। विजेता टीम अब हरियाणा राज्य सीनियर महिला फुटबॉल प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेगी।
अमित खत्री ने कहा कि खेलों से सर्वांगीण विकास संभव है। सभी को खेलों में बढ़चढ़ कर भाग लेना चाहिए। इस दौरान जिला फुटबॉल संघ के प्रधान कुलदीप सोलंकी, महासचिव नरेश कुमार मलिक, कोषाध्यक्ष नरेश वर्मा, प्रवीन वर्मा, सुरेंद्र सिंह, मोहित, विपुल, रीना, वरिष्ठ प्रशिक्षक एसएस जून, अनिल ढुल, सुरेश कुमार, राजेश, मोहन आदि मौजूद रहे।