सोनीपत। नगर निगम की टीम ने बकाया गृहकर जमा नहीं करने वाले डिफाल्टरों पर शिकंजा कसने का अभियान दूसरे दिन भी जारी रखा। निगम ने बुधवार को मुरथल जीटी रोड पर एक ढाबा, बंद फैक्टरी और निजी स्कूल को सील कर दिया। यह कार्रवाई उप निगमायुक्त हरदीप सिंह के नेतृत्व में की गई।
क्षेत्रीय कर अधिकारी राजेंद्र चुघ ने कहा कि अगर किसी ने सील तोड़ने की कोशिश की तो उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। उन्होंने प्रॉपर्टी मालिकों को जल्द गृहकर जमा कराने के लिए कहा। नगर निगम की टीम बुधवार को उप निगमायुक्त हरदीप सिंह के नेतृत्व में जांच करने पहुंची। इस दौरान टीम ने सबसे पहले मुरथल जीटी रोड के पास बंद फैक्टरी को सील कर लिया। फैक्टरी मालिक पर 21.12 लाख रुपये गृहकर बकाया है। इसके बाद टीम निजी स्कूल में पहुंची। निजी स्कूल प्रबंधन पर 49 लाख रुपये बकाया गृहकर होने के चलते स्कूल को सील कर दिया गया। इसके बाद टीम मुरथल में व्यावसायिक प्रतिष्ठान मालिक के पास पहुंची। उसने जल्द ही 8 लाख रुपये बकाया गृहकर जमा कराने की बात कही। इसके बाद टीम वर्षा ढाबे पर पहुंची। ढाबा संचालक पर 9 लाख रुपये गृहकर बकाया है। ऐसे में गृहकर जमा न कराने के चलते टीम ने ढाबे को सील कर दिया गया। टीम में राजकुमार, साहिल, अजय व अन्य स्टाफ कर्मी मौजूद रहे।
बकाया गृहकर जमा नहीं करने वाले डिफाल्टरों पर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। प्राॅपर्टी मालिकों से अपील है कि वह 31 दिसंबर से पहले 15 फीसदी छूट के साथ बकाया गृहकर जमा कराएं। निगम की ओर से सीलिंग की कार्रवाई जारी रहेगी। -विश्राम मीणा, आयुक्त, नगर निगम, सोनीपत।