सोनीपत। चिटफंड कंपनियों की ओर से रुपये हड़पने के विरोध में लोगों ने जुलूस निकाल कर लघु सचिवालय के गेट पर प्रदर्शन किया। इससे पहले सोनीपत शहर और खरखौदा के लोगों ने जिला पार्षद संजय बड़वासनी के नेतृत्व में आंबेडकर पार्क में एकत्रित हुए। वहां से वह जुलूस निकालते हुए लघु सचिवालय पहुंचे। लोगों ने प्रदर्शन कर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम नायब तहसीलदार प्रदीप अहलावत को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि ठगी का शिकार हुए लोगों की समस्या को दूर कराने के लिए विशेष पहल की जाए।
जिला पार्षद संजय बड़वासनी ने बताया कि वर्ष 2019 में कानून पारित किया गया था कि जिन कंपनियों में लोगों के पैसे फंसे हुए हैं, उन्हें सरकार पैसा दिलवाने का काम करेगी। उसके बाद भी लोगों को अपने खून-पसीने की कमाई के लिए प्रदर्शन करने पर मजबूर होना पड़ रहा है। चिटफंड कंपनियों ने लोगों ही नहीं, बल्कि सैनिकों को भी पैसा दोगुना होने व उचित भुगतान करने का सपना दिखाकर लूटा है। आरोप है कि जमा पूंजी वापस नहीं मिलने के कारण कई लोग आत्महत्या तक कर चुके हैं। मिशन भुगतान भारत यात्रा के तहत सोनीपत के पीड़ित लोगों की आवाज उठाने के लिए पीड़ित परिवार अपना पैसा वापस दिलवाने की मांग कर रहे हैं। लोगों ने ज्ञापन के माध्यम से प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री से मांग की है कि चिटफंड कंपनियों व शामिल ठगों के खिलाफ कार्रवाई करवाकर लोगों के पैसे का भुगतान करवाया जाए। इस दौरान लोगों ने पहले भुगतान फिर मतदान के नारे लगाएं।