खरखौदा। भारतीय किसान नौजवान यूनियन की ओर से गणतंत्र दिवस पर एमएसपी पर कानूनी गारंटी की मांग को लेकर जिला में तीन स्थानों पर ट्रैक्टर मार्च निकाला गया। खरखौदा में मार्च की शुरुआत सांपला चौक से हुई। ट्रैक्टर मार्च मटिंडू चौक, दिल्ली चौक, थाना कलां चौक, शिव चौक और सोनीपत बाईपास चौक होते हुए जागृति स्थल पर संपन्न हुआ। मार्च में बड़ी संख्या में किसान ट्रैक्टरों के साथ शामिल हुए और अपनी मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ नाराजगी जाहिर की।यूनियन के ब्लाॅक प्रधान बेदी ने कहा कि केंद्र सरकार को किसानों की मांगें माननी होंगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर किसानों की समस्याओं का समाधान जल्द नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। युवा जिलाध्यक्ष प्रवीन दहिया ने बताया कि 14 फरवरी को सरकार के साथ वार्ता के लिए किसान नेता जगजीत डल्लेवाल तैयार हैं, लेकिन सरकार को अपनी सोच में बदलाव लाकर किसानों के हित में कदम उठाने होंगे। यात्रा के दौरान किसानों ने तिरंगा लहराकर अपनी एकजुटता और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश दिया।इस दौरान बुध सिंह, वतन, कैप्टन बिजेंद्र, देशपाल रोहणा, रणबीर, विकेश, समुंद्र, शक्ति, इंद्रजीत राणा, प्रवेश आदि मौजूद रहे।