जींद। अंबरसर निवासी सीमा देवी ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। महिला की शिकायत पर गढ़ी थाना पुलिस ने पति सुशील, सास और ससुर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीमा के अनुसार, उसकी शादी दो दिसंबर 2023 को सोनीपत जिले के जोली गांव निवासी सुशील के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज में दस लाख रुपये की कार और दो लाख रुपये की बुलेट बाइक मांग रहे थे। मांग पूरी नहीं होने पर उसे ताने दिए जाते और मारपीट की जाती थी। महिला ने आरोप लगाया कि 12 मई 2025 को उसे घर से निकाल दिया गया। जुलाई में मायके पक्ष ने पंचायत के जरिए समझौते का प्रयास किया लेकिन ससुराल वालों ने उसे साथ रखने से इन्कार कर दिया। थाना प्रभारी पूजा ने बताया कि मामले में युवक और उसके माता-पिता के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद