सोनीपत के गन्नौर स्थित गांव बेगा में ठोकर नंबर नौ पर जाने वाले मार्ग पर भरे पानी को दिखाते हुए
गन्नौर। गांव बेगा में ठोकर नंबर नौ पर जाने वाले मार्ग पर एक साल से पानी भरा हुआ है। ग्रामीण व किसान नेता लगातार पानी निकलवाने के लिए प्रशासन से गुहार लगा चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। भारतीय किसान मजदूर यूनियन कमेरा वर्ग के प्रदेश महासचिव वीरेंद्र पहल ने सोशल मीडिया पर ट्वीट कर मुख्यमंत्री से इस समस्या का समाधान करने की मांग की है। वीरेंद्र पहल ने बताया कि खेतों का यह रास्ता यमुना के कटाव से काफी गहरा हो गया था। बारिश आने पर खेतों का पानी रास्ते में भर जाता है। इसमें कई पशु गिर गए थे, जिससे उनकी मौत हो गई थी। एक महिला भी इसमें गिरकर चोटिल हो चुकी है। वह प्रशासन से रास्ते पर मिट्टी डलवा कर खेतों के समतल करवाने की मांग कर चुके हैं। मुख्यमंत्री को ट्वीट कर इस रास्ते को ठीक करने की मांग की है, ताकि किसानों और पशुपालकों को आने-जाने में आ रही परेशानी से निजात मिल सके।