फोटो 21. लघु सचिवालय में वीडियो कांफ्रेंस के दौरान उपस्थित निगम आयुक्त विश्राम मीणा व अन्य अधिक
सोनीपत। मुख्यमंत्री के सलाहकार देवेंद्र सिंह ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से अधिकारियों के साथ सीएम विंडो पोर्टल को लेकर समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्धारित समयावधि में सीएम विंडो पर आने वाली शिकायतों का समाधान करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री के सलाहकार ने कहा कि वर्तमान में सीएम विंडो पर लोगों की ओर से गृह कर व परिवार पहचान पत्र से संबंधित सबसे ज्यादा शिकायतें मिल रही हैं। सरकार की ओर से सभी सेवाओं को परिवार पहचान पत्र से जोड़ा गया है। अनेक ऐसी योजनाएं है जिनका लाभ परिवार पहचान पत्र के माध्यम से पात्र लोगों को घर बैठे दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गृह कर व परिवार पहचान पत्र से संबंधित आने वाली शिकायतों का निवारण संबंधित अधिकारी प्राथमिकता के साथ करें। जिससे लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। नगर निगम आयुक्त विश्राम मीणा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभागों के सीएम विंडो से संबंधित नोडल अधिकारी स्वयं हस्ताक्षर कर अपनी एटीआर पोर्टल पर निश्चित समय में अपलोड करवाएं ताकि जिला के स्कोर को ठीक किया जा सके। इसके अलावा वर्ष 2021 की शिकायतों का 15 दिन व 2022 की शिकायतों का एक महीने के अंदर समाधान करवाएं। जिससे समय पर पोर्टल पर एटीआर अपलोड की जा सके।
निगमायुक्त ने कहा कि सभी विभाग सीएम विंडो पर दर्ज शिकायत के संदर्भ में शिकायतकर्ता से तुरंत संपर्क करें और उसे कार्यालय में बुलाकर उसकी शिकायत का तुरंत समाधान करवाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी सूरत में झूठा आश्वासन व कार्रवाई में ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सीएम विंडो पर आने वाली शिकायत का अगर तय समय सीमा में निवारण नहीं किया जा सकता है तो उसके लिए भी समय की मांग करें। किसी भी शिकायत को लंबित ना रखें।
निगमायुक्त ने कहा कि सीएम विंडो पर शिकायत आने के बाद सबसे पहला मामला संबंधित अधिकारी को मार्क करने का होता है। ऐसे में अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि सभी शिकायतें उसी दिन मार्क हो जानी चाहिए और उसके बाद 7 दिन के अंदर उसको अंडरटेकिंग करना होता है। इसके बाद शिकायत के निवारण की टाइम लाइन शुरू हो जाती है। ऐसे में अधिकारी शिकायत के निपटारे के बाद एक्शन टेकन रिपोर्ट स्पष्ट रूप से लिखें। इस दौरान डीसीपी गौरव राजपुरोहित, नगराधीश डॉ. अनमोल, जिला राजस्व अधिकारी हरिओम अत्री, डीडीपीओ राजपाल चहल सहित संबंधित सभी अधिकारी मौजूद रहे।
फोटो 21. लघु सचिवालय में वीडियो कांफ्रेंस के दौरान उपस्थित निगम आयुक्त विश्राम मीणा व अन्य अधिक