सोनीपत। गांव थाना कला के जलघर टैंक में मिले युवक के शव के मामले में परिजनों ने षड्यंत्र के तहत उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है। उन्होंने गांव के ही तीन युवकों सहित अन्य पर आरोप लगाया है। मृतक की मां की शिकायत पर पुलिस ने हत्या व अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना कला में 7 जुलाई को ट्यूबवेल आपरेटर जब जलघर के टैंक के पास पहुंचा था तो उसने टैंक में एक शव दिखाई दिया था। जिसकी उस दौरान शनाख्त नहीं हुई थी। अगले दिन मृतक की पहचान गांव के ही मनोज के रूप में हुई थी। अब मृतक की मां देवेंद्री ने पुलिस को बताया कि गांव के ही तीन युवकों व अन्य ने उसके बेटे मनोज की साजिशन हत्या की है। उसका कहना है कि 5 जुलाई को उसके पड़ोस का एक लडक़ा आया और उसने कहा कि उसके पिता अनिल मनोज को बुला रहे हैं। जब उसने बाहर गेट पर आकर देखा तो गली में एक गाड़ी खड़ी थी। जिसमें ड्राइवर सीट पर मोनू बैठा था और साथ वाली सीट पर अनिल बैठा था। जबकि पीछे वाली सीट पर गांव का ही रिंकू बैठा हुआ था। सभी ने उससे कहा कि हम घूमने जा रहे हैं और दो-तीन दिन के बाद लौटेंगे। इसके बाद 7 जुलाई की शाम को उसे अनिल उसके घर में दिखाई दिया तो उससे पूछा कि मनोज कहां है। लेकिन उसने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया, वापस घर आकर जब उसने यह बात अपने बड़े लडक़े सतीश को बताई तो सतीश अनिल के घर गया और मनोज के बारे में पूछा तो वह बोला सभी उसके साथ हैं एक-दो दिन में वापस आ जाऐंगे। उसी दिन उन्हें पता चला कि गांव के जल घर में किसी की लाश मिली है, जिस पर उसका लडक़ा जल घर में गया तो पता चला कि शव को खानपुर भेज दिया गया है। पुलिस में संपर्क करने पर उन्हें जब कपड़े व फोटो दिखाए गए तो उन्होंने मृतक की मनोज के रूप में पहचान की और अगले दिन शव का पोस्टमार्टम करवाकर ले आए। इसके बाद जब उन्होंने रिंकू, अनिल व मोनू के घर पर गए तो पता चला की तीनों फरार हैं। वहीं उनके परिवार के सदस्यों ने भी कोई सही जानकारी नहीं दी। देवेंद्री का कहना है कि उसके बेटे की उक्त लोगों ने साजिशन हत्या की है, शिकायत पर पुलिस ने तीन नामजद सहित अन्य के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।