गोहाना। महमूदपुर रोड स्थित रामनगर में ट्रैक्टर मिस्त्री का शव घर में फंदे से लटका मिला है। पड़ोसियों से सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। पोस्टमार्टम कराने के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया।
पानीपत जिले के गांव सींक निवासी बिजेंद्र (42) गोहाना में रामनगर में परिवार के साथ रह रहे थे। घर के पीछे ही पशुबाड़ा बनाया गया था। वह ट्रैक्टर मिस्त्री थे। उनकी पत्नी दो बच्चों के साथ 22 अप्रैल को मायके चली गई थी। वह घर पर अकेले थे। मंगलवार देर शाम को बिजेंद्र के घर से भूखे-प्यासे मवेशी रस्सी तोड़कर बाहर गली में आ गए। पड़ोसियों ने मवेशियों को संभाला और उनको बिजेंद्र के घर के साथ बने पशुबाड़े में बांधने ले गए। घर के दरवाजे बंद थे। पड़ोसियों ने आवाज लगाई तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। सीढिय़ों से चढ़कर अंदर गए तो कमरे से बदबू आ रही थी। पड़ोसियों ने कमरे के अंदर झांक कर देखा तो बिजेंद्र पंखे पर चुनरी के साथ लटका हुआ था।
गोहाना थाना प्रभारी मोहन सिंह ने बताया कि रामनगर में मिस्त्री का शव फंदे पर लटका मिला है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा दिया है। परिजनों के बयान पर 174 के तहत निवारक कार्रवाई की गई है।