हरियाणा के सोनीपत के राई क्षेत्र में नेशनल हाईवे-44 पर कुमासपुर के पास सर्विस लेन पर खड़ी सेना की गाड़ी में चालक का शव मिला है। निजी कंपनी का चालक नई गाड़ी को मध्य प्रदेश के जबलपुर से लेकर जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जा रहा था। पुलिस ने शव को नागरिक अस्पताल में भिजवा दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के कारणों का पता लगेगा।
रविवार सुबह बहालगढ़ थाना पुलिस को सूचना मिली कि कुमासपुर से आगे सर्विस रोड पर सेना की गाड़ी खड़ी है। उसमें एक व्यक्ति का शव पड़ा है। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने जांच की तो पता लगा कि शव मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले का चालक सोहन का शव है।
वह जबलपुर से उधमपुर के लिए सेना की गाड़ी लेकर चला था। वह निजी कंपनी का चालक है। उनकी कंपनी गाड़ियां को उनके गंतव्य तक पहुंचाती है। जांच में पता लगा कि 20 अलग-अलग गाड़ियों को उधमपुर भेजा जा रहा था। इसमें एक गाड़ी को सोहन लेकर आया था।