फोटो :59: गांव असदपुर में बालिका की मौत के अस्पताल में पहुंचे असदपुर के ग्रामीण व अन्य। संवाद
राई। गांव असदपुर में किराये के मकान में रहने वाली 13 वर्षीय सातवीं कक्षा की छात्रा का शव मिला है। छात्रा के परिजन मजदूरी करने गए थे। जब उनकी मां लौटी तो बेटी घर के छत पर बेसुध मिली। उसने मामले से पति को अवगत कराया। अस्पताल में लेकर गए तो किशोरी को मृत घोषित कर दिया गया। बालिका के गर्दन पर निशान मिला है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ निवासी गंगाराम का परिवार मुरथल के गांव असदपुर में किराये पर रहता है। वह राजमिस्त्री का काम करते हैं और उनकी पत्नी भी उनके साथ मजदूरी करती हैं। उनकी सौतेली बेटी नीतू (13) गांव के सरकारी स्कूल में सातवीं कक्षा की छात्रा थी। गंगाराम ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी ने रविवार सुबह स्कूल की किताब दिलाने को कहा था। उस समय उनकी पत्नी ने छुट्टे रुपये नहीं होने की बात कही थी। उसके बाद वह काम पर चले गए थे। उन्होंने दोपहर को अपनी पत्नी को नीतू को किताब दिलाने के लिए घर भेज दिया था। उनकी पत्नी ने घर आकर पड़ोसी दुकानदार से कॉल कराई थी कि नीतू छत पर बेसुध पड़ी है। जिस पर वह मौके पर पहुंचा और बेटी को लेकर नागरिक अस्पताल गए। जहां पर उनकी बेटी को मृत घोषित कर दिया। उन्होंने पुलिस से पोस्टमार्टम नहीं कराने और शव को मध्यप्रदेश ले जाने की बात कही, लेकिन पुलिस ने गले पर निशान देखकर पोस्टमार्टम करवाने को कहा। पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं मिल पाने से मौत के कारणों की पुष्टि नहीं हुई है। आशंका है बालिका का गला दबाया गया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद उसके आधार पर कार्यवाही की जाएगी।
एक माह पहले ही दादा के घर से आई थी नीतू
परिजनों ने बताया कि वह चार साल से मुरथल क्षेत्र में रहकर मेहनत मजदूरी करते हैं। गंगाराम ने बताया कि एक माह पहले ही वह बेटी नीतू को लेकर मध्यप्रदेश से यहां आए थे। उन्होंने आने के बाद ही उसका सातवीं कक्षा में दाखिला कराया था।
वर्जन
पोस्टमार्टम रिपोर्ट अभी नहीं मिली है। उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। बालिका के परिजनों ने किसी पर संदेह नहीं जताया है। -प्रदीप कुमार, कार्यकारी थाना प्रभारी, मुरथल
फोटो :59: गांव असदपुर में बालिका की मौत के अस्पताल में पहुंचे असदपुर के ग्रामीण व अन्य। संवाद