राई/सोनीपत। गांव मुरथल से चार दिन पहले लापता हुए युवक का शव क्षत-विक्षत अवस्था में मुरथल हाईवे के पास स्थित मिष्ठान भंडार के पीछे खंडहर पड़े कमरे में मिला है। युवक की सिर में ईंट मारकर हत्या किए जाने का अंदेशा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में भिजवा दिया। जहां से उसे खानपुर कलां मेडिकल कॉलेज अस्पताल में रेफर कर दिया। जहां शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस मामले में हत्या की धारा जोड़ दी है।
गांव मुरथल निवासी सतीश कुमार ने बताया कि उनका बेटा दीपक (22) घर से 9 अप्रैल को कपड़े धोने का सर्फ लेकर आने के लिए निकला था। उसके बाद बेटा घर पर नहीं लौटा। उसका मोबाइल भी बंद आ रहा था। उन्होंने 10 अप्रैल को मामले की शिकायत मुरथल थाना पुलिस को दी थी। पुलिस ने शिकायत पर कार्रवाई करते हुए युवक की तलाश शुरू कर दी थी। हालांकि उनका कोई सुराग नहीं लग सका। मोबाइल की कॉल डिटेल में पता लगा कि एक नंबर से उनके बेटे के पास कई बार कॉल आई हुई है। वह नंबर उनके परिचित का है। उसके बाद अब बेटे का शव मुरथल के पास स्थित मिष्ठान भंडार के पीछे बने एक खंडहर कमरे में मिला है। पुलिस को खंडहर में अज्ञात का शव पड़ा होने की सूचना मिली थी। इसके बाद उन्हें मौके पर बुलाया गया। शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिला है। बेटे के शव की पहचान कपड़ों से जा सकी है। उसके सिर पर ईंट से हमला किया गया है। शव को देखकर लगता है कि 9 अप्रैल को ही उसकी हत्या कर गई थी। चार दिन शव पड़ा रहने के कारण गर्मी में क्षत-विक्षत हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में भिजवा दिया। जहां पर चिकित्सक ने शव को क्षत-विक्षत होने के चलते खानपुर मेडिकल कॉलेज भेज दिया। वहां शव का पोस्टमार्टम कराया जा सका। पुलिस ने मामले में हत्या की धारा जोड़कर जांच आगे बढ़ा दी है।
बिजली मैकेनिक के पास काम करता था दीपक
पिता सतीश ने बताया कि उनका बेटा दीपक बिजली मैकेनिक के पास काम करता था। वह उसके पास मजदूरी करने के साथ ही काम सीख रहा था। उनके बेटे की कोई रंजिश नहीं थी। इसके बावजूद बेटे की हत्या कर दी गई।
महज 15 दिन की मासूम के सिर से उठा पिता का साया
दीपक की सालभर पहले ही शादी हुई थी। उनकी पत्नी ने 15 दिन पहले ही बेटी की जन्म दिया है। अब मासूम के सिर से पिता का साया सदा के लिए उठ गया है। पिता सतीश ने रुंधे गले से कहा मामले की निष्पक्ष जांच कर तुरंत ठोस कार्रवाई होनी चाहिए।
वर्जन
गांव मुरथल से लापता हुआ युवक का शव मिला है। सिर में ईंट से हमला कर हत्या किए जाने का अंदेशा है। हत्या की धारा जोड़ दी गई है। पुलिस मामले में कई पहलू से जांच कर रही है। जल्द मामले का पटाक्षेप किया जाएगा।
इंस्पेक्टर जसपाल सिंह, थाना प्रभारी, मुरथल