गोहाना। संत कबीर दास जयंती के उपलक्ष्य में शनिवार को जींद रोड स्थित नई अनाज मंडी में राज्यस्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शिरकत देंगे। शुक्रवार को व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए कार्यक्रम स्थल पर उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार व अन्य अधिकारी पहुंचे।
उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर तीन स्टेज बनाए गए हैं। इसमें एक स्टेज पर वीआईपी, दूसरे स्टेज पर कबीरदास समाज के प्रतिष्ठित व्यक्ति व तीसरा स्टेज सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए बनाया है। कार्यक्रम में प्रदेश के कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। उपायुक्त ने कार्यक्रम स्थल पर लगाई गई बेरिकेडिंग, मुख्य स्टेज, मीडिया गैलरी, लोगों के बैठने की व्यवस्था, लोगों के लिए पीने के पानी व शौचालय के अलावा कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया।